हैदराबाद। एनएमडीसी और हैदराबाद रनर्स सोसाइटी ने आईडीएफसी फर्स्ट बैंक और तेलंगाना सरकार के साथ मिलकर 27 और 28 अगस्त को होने वाली एनएमडीसी हैदराबाद मैराथन 2022 के लोगो और रेस टी-शर्ट का अनावरण किया।

एनएमडीसी हैदराबाद मैराथन 2022 का चेहरा और विश्व बॉक्सिंग चैंपियन निकहत ज़रीन सोमवार को हुए इस आयोजन में वर्चुअली शामिल हुईं। एनएमडीसी के सीएमडी सुमित देब, आईडीएफसी फर्स्ट बैंक के सीएमओ नारायण टीवी और रेस डायरेक्टर प्रशांत मोरपारिया भी लॉन्च समारोह के दौरान उपस्थित थे।

एनएमडीसी हैदराबाद मैराथन 2022 और कर्टेन-रेज़र में 15,000 धावकों एवं स्वास्थ्य और फिटनेस प्रेमियों के हिस्सा लेने की उम्मीद है। आयोजन में 3500 स्वयंसेवकों, 250 चिकित्सा कर्मियों, शहर के अधिकारियों और पुलिस बल को तैनात किया जाएगा।
भारत में मैराथन सीज़न की शुरुआत करते हुए शनिवार, 27 अगस्त को कर्टन रेज़र के तौर पर पांच किलोमीटर की ‘फन रन’ आयोजित की जाएगी और 10 किलोमीटर, हाफ मैराथन (21.095 किमी) और फुल मैराथन (42.195 किमी) रविवार, 28 अगस्त को आयोजित होगी।
निकहत ज़रीन ने वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से कार्यक्रम से जुड़ते हुए, “मैं हैदराबाद रनर्स द्वारा समर्थित एनएमडीसी हैदराबाद मैराथन के 11वें संस्करण से जुड़कर खुश हूं। मुझे खुशी है कि हैदराबाद रनर्स सक्रिय जीवन शैली का नेतृत्व करने और दौड़ने को पसंदीदा फिटनेस गतिविधि बनाने में सक्रिय रूप से शामिल रहा है।”
एनएमडीसी के सीएमडी सुमित देब ने कहा, “हम हैदराबाद मैराथन के साथ साझेदारी करके खुश हैं। एनएमडीसी भारत सरकार के फिट इंडिया इंडिया मूवमेंट का सहायक है। हम हमेशा खेल आयोजनों का समर्थन करने और अपने देश के लोगों में स्वास्थ्य और फिटनेस को बढ़ावा देने के लिए आगे आते रहे हैं। हैदराबाद मैराथन के निर्माण और शहर को फिटनेस के लिए प्रेरित करने वाले हैदराबाद रनर्स के साथ साझेदारी करना हमारे लिए सम्मान की बात है।”
आईडीएफसी फर्स्ट बैंक के सीएमओ श्री नारायण टीवी ने कहा, “एनएमडीसी हैदराबाद मैराथन हमारे लिए हैदराबाद के इस अद्भुत और जीवंत शहर में लोगों से जुड़ने का एक अवसर है।”