हाथ जोड़कर गिडगिड़ाता रहा, कहता रहा माता-पिता नहीं है, फिर भी नहीं आया रहम

शहडोल। शहर के पांडवनगर में गणेशोत्सव के लिए चंदा मांगने गए एक किशोर को चोर समझकर बिजली पोल से बांधने का मामला सामने आया है। किशोर का यह वीडियो सोशल मीडिया में वायरल हो रहा है। जिसमें स्थानीय लोग किशोर पर चोरी का आरोप लगाते हुए बेरहमी से पिटाई करते नजर आ रहे हैं। बताया जा रहा है कि किशोर शहडोल शहर का रहने वाला है। वह अपने 3 साथियों के साथ गणेशोत्सव का चंदा मांगने के बहाने लोगों के घरों के सामने घूम रहा था। स्थानीय लोगों को संदेह था कि चोरी के लिए रैकी कर रहा है। बाद में संदेह होने पर स्थानीय लोगों ने बिजली पोल से बांधकर बेरहमी से पिटाई कर दी। बताया जा रहा है कि लोगों को संदेह होने पर जब इनको रोका तो 3 युवक भाग निकले। इस दौरान लोगों ने एक किशोर को पकड़ लिया। इसके बाद बिजली पोल से बांधकर लोगों ने जमकर पिटाई कर दी। युवक बार-बार हाथ जोड़कर गिड़गिड़ाता रहा और कहता रहा कि माता पिता नहीं हैं, छोड़ दो। इसके बाद भी लोगों को रहम नहीं आई और बेल्ट लात घूसों से मारपीट करते रहे। पुलिस मामले में पहले अनजान बनी रही। बाद में टीआई संजय जायसवाल का कहना था कि किशोर के साथ मारपीट की है। आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर पतासाजी की जा रही है।
चलती कार में भड़की आग, चालक ने कूदकर बचाई जान
अमलाई थाना क्षेत्र के श्रीवास्तव मोड़ के पास सोमवार की दोपहर चलती कार में अचानक आग भड़क गई। इस दौरान किसी तरह चालक ने वाहन से कूद कर अपनी जान बचाई। जानकारी के अनुसार श्रीवास्तव मोड़ के पास चलती गाड़ी में अचानक आग की लपटें निकलने लगी। आसपास के लोगों ने वाहन को रोककर जानकारी दी। जैसे – तैसे चालक किशन ने वाहन से कूदकर जान बचाई। पुलिस ने बताया कि वाहन में चालक किशन अकेला था, जो बिजुरी से शहडोल की ओर जा रहा था। गाड़ी में शार्ट सर्किट होने के कारण आग लगना बताया जा रहा है। वाहन में आग भड़कते ही शहडोल अनूपपुर हाईवे पर लोगों की भीड़ लग गई। दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतार लग गई। आवागमन भी बाधित रहा।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *