हमीरपुर। उत्तर प्रदेश के हमीरपुर जिले के सुमेरपुर थाना क्षेत्र के टेढ़ा गांव में बुधवार को एक बुजुर्ग का शव पानी से भरे बंधे में उतराता मिला है। सूचना पाते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। शव देख परिजनों में कोहर1म मचा हुआ है।

सुमेरपुर थाने के प्रभारी निरीक्षक पवन कुमार पटेल ने बताया कि टेढ़ा गांव के देवगांव रोड स्थित पानी से भरे बंधे में एक बुजुर्ग के शव के पड़े होने की सूचना मिलने पर पुलिस बल मौके पर भेजा गया। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर जांच शुरू की। उन्हाेंने बताया कि जेब में पड़े राशन कार्ड की फोटो कापी से शव की शिनाख्त रानी लक्ष्मीबाई नगर सुमेरपुर निवासी श्याम किशोर गुप्ता (65) के रूप में हुई है। परिजनों ने पूछताछ में बताया कि श्याम किशोर गुप्ता दो दिन पहले घर से बाहर गए थे। इनकी तलाश परिजन कर रहे थे। आज पानी से भरे बंधे में शव मिला है। शुरुआती जांच में पानी में डूबने से मौत हुई है। शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। जांच कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।


