हमीरपुर के गांव से राज्य स्तर तक चमकी प्रतिभा, मुस्करा GIC के 4 खिलाड़ियों का वेटलिफ्टिंग चैंपियनशिप में चयन

हमीरपुर के गांव से राज्य स्तर तक चमकी प्रतिभा, मुस्करा GIC के 4 खिलाड़ियों का वेटलिफ्टिंग चैंपियनशिप में चयन

हमीरपुर। कहते हैं कि प्रतिभा किसी शहर या संसाधनों की मोहताज नहीं होती, अगर हौसले बुलंद हों और मेहनत सच्ची हो, तो गांव की मिट्टी से भी बड़ी उपलब्धियों की कहानी लिखी जा सकती है।

उत्तर प्रदेश के हमीरपुर जिले के मुस्करा स्थित राजकीय इंटर कॉलेज की तीन होनहार छात्राओं और एक छात्र ने इसी बात को सच कर दिखाया है। इन चारों खिलाड़ियों का चयन राज्य स्तरीय वेटलिफ्टिंग यानी भारोत्तोलन चौंपियनशिप के लिए हुआ है। सहारनपुर में आगामी 19, 20 और 21 सितंबर को होने वाली राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में ये खिलाड़ी अपने दमखम का प्रदर्शन करेंगे। गांव की इन बेटियों ने पारंपरिक सोच और सीमित संसाधनों को पीछे छोड़ते हुए खेल के मैदान में अपनी अलग पहचान बनाई है। वेटलिफ्टिंग जैसे चुनौतीपूर्ण खेल में लगातार मेहनत करते हुए राजकीय इंटर कॉलेज मुस्करा के चार खिलाड़ियों ने पहले जिला और फिर मंडल स्तर की प्रतियोगिता में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। अब इन खिलाड़ियों का चयन राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए हुआ है, जहां प्रदेश के 18 मंडलों के खिलाड़ी हिस्सा लेंगे।

विद्यालय की प्रधानाचार्या शिल्पी अग्रवाल ने बुधवार को बताया कि राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए विद्यालय के चार खिलाड़ियों का चयन हुआ है। इनमें कक्षा 12 के राकेश, जबकि कक्षा ११ की हिमांशी राजपूत, काजल और रश्मि शामिल हैं। चित्रकूट मंडल से कुल छह खिलाड़ियों का चयन हुआ है। इनमें दो खिलाड़ी बांदा जिले से और चारों खिलाड़ी हमीरपुर जिले के राजकीय इंटर कॉलेज मुस्करा से हैं। यह उपलब्धि पूरे जिले और विद्यालय के लिए गर्व का विषय है। बताया गया कि 1 सितंबर को जिला स्तरीय प्रतियोगिता में चयनित खिलाड़ियों ने मंडल स्तर की प्रतियोगिता में प्रतिभाग किया था। मंडल स्तर पर कुल सात खिलाड़ियों का चयन हुआ, जिनमें से चार खिलाड़ियों ने राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए जगह बनाई।

इन चारों खिलाड़ियों में हमीरपुर के राजकीय इंटर कॉलेज मुस्करा के राकेश, हिमांशी राजपूत, काजल और रश्मि शामिल हैं। इन खिलाड़ियों की इस उपलब्धि में विद्यालय के शारीरिक शिक्षा विभाग के साथ-साथ प्रधानाचार्या शिल्पी अग्रवाल का भी विशेष योगदान बताया जा रहा है। गांव से निकलकर राज्य स्तर तक पहुंची इन बेटियों की सफलता यह संदेश देती है कि सही मार्गदर्शन, मेहनत और आत्मविश्वास के दम पर छोटे शहर और गांव के खिलाड़ी भी बड़े मंच पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर सकते हैं। अब सभी की निगाहें सहारनपुर में 19 से 21 सितंबर तक होने वाली राज्य स्तरीय वेटलिफ्टिंग चौंपियनशिप पर हैं, जहां हमीरपुर के ये चारों खिलाड़ी प्रदेश के अन्य मंडलों से आए खिलाड़ियों के बीच अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *