सोनिया वही महिला जिन्होंने अपनी सास और पति को खोया, मोदी सरकार को शर्म नहीं आती, ED की कार्रवाई पर बोले CM गहलोत

कांग्रेस ने सोनिया गांधी को प्रवर्तन निदेशालय(ईडी) द्वारा पूछताछ के लिए बुलाए जाने को लेकर वीरवार को नरेंद्र मोदी सरकार पर तीखा प्रहार किया और आरोप लगाया कि केंद्र सरकार ईडी का दुरुपयोग कर रही है और भारतीय जनता पार्टी का नेतृत्व अब ‘कांग्रेस मुक्त भारत’ नहीं, बल्कि ‘विपक्ष मुक्त भारत’ चाहता है।

 

पार्टी के वरिष्ठ नेता और राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने कहा कि केंद्र सरकार के इस कदम से कांग्रेस और उसके नेता और कार्यकर्ता झुकने वाले नहीं हैं। गहलोत ने संवाददाताओं से कहा कि सोनिया जी को पूछताछ को बुलाए जाने की मैं निंदा करता हूं। बेहतर होता कि उनके आवास पर जाकर उनका बयान लेते।

गहलोत ने कहा कि सोनिया गांधी वह महिला है जिनकी सास और पति देश के लिए शहीद हो गए। सरकार को इतनी शर्म नहीं आती है कि आप किसके साथ किस तरह का व्यवहार कर रहे हैं। ED वाले उनके घर जाकर बयान ले सकते थे, कई बार ऐसा किया गया है कि ED घर जाकर बयान लेती है। गहलोत ने आगे कहा कि सोनिया गांधी जी को जैसे बुलाया गया वो बेहतर हो सकता था। हम जानते हैं और मानते हैं कि कानून सबके लिए बराबर है। इनके शासन में कानून सबके लिए समान नहीं है। लेकिन जो भाजपा में है उसके लिए कानून बदल जाता है। इन्होनें देश में दो कानून बनाया है विपक्ष के लिए अलग और पक्ष के लिए अलग।

 

सोनिया जी जबसे देश में आईं हैं उन पर हमले हो रहे हैं

उन्होंने कहा कि हम डरने और घबराने वाले नहीं हैं। सोनिया जी जबसे देश में आईं हैं उन पर हमले हो रहे हैं। सोनिया जी ने जिस तरह से भारत की संस्कृति और संस्कार को अपनाया है, वो अपने आप में एक मिसाल है। उन्होंने जो जीवन जिया है और पार्टी के लिए जो किया है, उसे कांग्रेस के नेता और कार्यकर्ता कभी भूल नहीं सकते।

गहलोत ने कहा कि सोनिया गांधी जी एक ऐसी नेता हैं जिन्होंने पूरे देश का दिल जीता है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह पर निशाना साधते हुए कहा कि राजनीति में दुश्मन नहीं होना चाहिए। ये लोग विपक्ष को दुश्मन मानते हैं। पहले ये कांग्रेस मुक्त भारत की बात करते थे, अब ये ‘विपक्ष मुक्त भारत’ चाहते हैं।

 

देश में भय, घुटन का माहौल

कांग्रेस के वरिष्ठ नेता ने कहा कि ईडी विरोधी दलों की सरकारों को गिराने का एक बड़ा हथियार हो गयी है। इससे घटिया बात कुछ नहीं हो सकती। जांच एजेंसी का दुरुपयोग करके सरकारें गिराई जा रही हैं। पता नहीं ये लोग अपनी अंतरात्मा को कैसे जवाब देते होंगे। उनका कहना था कि देश में भय, घुटन का माहौल है। इसको समझने का प्रयास नहीं किया जा रहा है। गहलोत ने कहा कि ये लोग गांधी परिवार को निशाना बना रहे हैं क्योंकि इस परिवार ने देश की आजादी से लेकर देश के निर्माण तक में व्यापक योगदान दिया है, भारत के लिए बलिदान दिया है। लेकिन इन लोगों (भाजपा) का आजादी की लड़ाई में कोई योगदान नहीं है। ये ‘अमृतकाल’ मना रहे हैं, इन्हें बताना चाहिए कि आजादी में इनकी विचारधारा के लोगों का क्या योगदान था।

 

 

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *