सोनभद्र में हर्ष फायरिंग में सैन्यकर्मी की मौत

सोनभद्र में हर्ष फायरिंग में सैन्यकर्मी की मौत

सोनभद्र। उत्तर प्रदेश में सोनभद्र के राबर्ट्सगंज कोतवाली क्षेत्र में एक विवाह समारोह में हर्ष फायरिंग के दौरान गोली लगने से सेना में हवलदार की मौत हो गई।
पुलिस सूत्रों ने बुधवार को बताया कि महुआरी तेंदू गांव निवासी बाबूलाल यादव (35) आर्मी में हवलदार के पद पर जम्मू कश्मीर में तैनात था। वह कुछ दिन पूर्व छुट्टी पर अपने घर आया था। मंगलवार की शाम वह एक शादी समारोह में शामिल होने के लिए राबर्ट्सगंज ब्रह्मनगर में गया था। शादी समारोह के दौरान हर्ष फायरिंग में बाबूलाल को गोली लग गई। इससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
मौके पर मौजूद कुछ लोग उसे लेकर तत्काल जिला अस्पताल पहुंचे। जिला अस्पताल में डॉक्टर ने जांच के बाद आर्मी जवान को मृत घोषित कर दिया। आर्मी जवान की मौत की सूचना मिलते ही साथ में गए लोग शव छोड़ कर फरार हो गए। अस्पताल प्रशासन ने घटना की जानकारी पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस तत्काल मौके पर पहुंच गई और मामले की जांच में जुट गई। पुलिस ने शादी के मण्डप से दुल्हे को उठा लिया। परिजनों के कहने पर पुलिस ने विवाह की रस्में पूरी होने तक दूल्हे को छोड़ दिया। बाद में दूल्हे व कुछ लोगों को हिरासत में लेकर पुलिस पूछताछ कर रही हैं।
पुलिस ने बताया की लाइसेंसी पिस्टल स्टेज के पास से मिल गई है। अपर पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार ने शादी समारोह स्थल पर पहुंचकर घटना की जानकारी ली। वही पुलिस को घटना की जांच के निर्देश दिए। सीओ सिटी राज कुमार त्रिपाठी, कोतवाल मनोज पांडेय भी मौके पर पहुंच गए और मामले की जांच में जुट गए।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *