सुलतानपुर में STF की बड़ी कार्रवाई, 360 किलो गांजा बरामद; अंतरराज्यीय तस्कर गिरफ्तार

सुलतानपुर में STF की बड़ी कार्रवाई, 360 किलो गांजा बरामद; अंतरराज्यीय तस्कर गिरफ्तार

सुलतानपुर। उत्तर प्रदेश के जिला सुलतानपुर में एसटीएफ ने एक अंतरराज्यीय गांजा तस्कर को गिरफ्तार किया है। उसके पास से 90 लाख रुपये का 360 किलोग्राम गांजा बरामद किया है। यह गांजा ओडिशा से अयोध्या और बहराइच जिलों में सप्लाई किया जाना था।

पुलिस प्रवक्ता ने शनिवार को बताया कि एसटीएफ को पिछले कुछ समय से उत्तर प्रदेश में विभिन्न राज्यों से अवैध मादक पदार्थों की तस्करी की सूचनाएं मिल रही थीं। अपर पुलिस अधीक्षक (एसटीएफ लखनऊ) अवनीश्वर चंद्र श्रीवास्तव के पर्यवेक्षण में खुफिया तंत्र को सक्रिय किया गया। उपनिरीक्षक फैजुद्दीन सिद्दीकी के नेतृत्व में एक टीम सुलतानपुर में तैनात थी।

इसी दौरान मुखबिर से पुख्ता जानकारी मिली कि ओडिशा से गांजे की एक बड़ी खेप सुलतानपुर के रास्ते जनपद अयोध्या और बहराइच भेजी जा रही है। सूचना मिलते ही एसटीएफ टीम ने एनसीबी गोरखपुर टीम के साथ मिलकर जिले के चांदा थाना क्षेत्र स्थित बरनी मोड़ टोल प्लाजा पर नाकाबंदी की। ट्रक को रोककर तलाशी ली गई, जिसमें भारी मात्रा में गांजा मिला और आरोपित को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया गया।

पूछताछ में गिफ्तार आरोपित बिहार के मधुबनी निवासी दीपक कुमार महतो पुत्र किशोर महतो ने बताया कि वह लंबे समय से ट्रक चला रहा है। उसकी मुलाकात नौमान नामक ड्राइवर से हुई थी, जिसने उसे बहराइच के एक व्यक्ति से मिलवाया। इसी व्यक्ति के माध्यम से ओडिशा के तस्करों से गांजा मंगाया जाता था। आरोपित ने कबूल किया कि उसे प्रति चक्कर 50 हजार रुपये मिलते थे।

इस मामले में एनसीबी गोरखपुर ने गिरफ्तार अभियुक्त के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया है। आगे की वैधानिक कार्रवाई एनसीबी द्वारा की जा रही है।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *