सीएम योगी का दो दिवसीय वाराणसी दौरा कल से: भाजपा कार्यकर्ता सम्मेलन में भरेंगे चुनावी जोश, नमो घाट की तैयारियों का भी ले सकते हैं जायजा

सीएम योगी का दो दिवसीय वाराणसी दौरा कल से: भाजपा कार्यकर्ता सम्मेलन में भरेंगे चुनावी जोश, नमो घाट की तैयारियों का भी ले सकते हैं जायजा

वाराणसी। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ बुधवार 14 अक्टूबर को दो दिवसीय दौरे पर वाराणसी पहुंचेंगे। पहले दिन वह संपूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय परिसर में आयोजित भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के कार्यकर्ता सम्मेलन में शामिल होंगे। यहां मुख्यमंत्री वाराणसी खंड के स्नातक एवं शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों के विधान परिषद (एमएलसी) चुनाव को लेकर पार्टी कार्यकर्ताओं को चुनावी तैयारियों, बूथ प्रबंधन और मतदाताओं तक पहुंच बनाने के संबंध में मार्गदर्शन देंगे। इसके बाद वह नमो घाट पर भारतीय वायुसेना के प्रस्तावित एयर शो की तैयारियों का निरीक्षण कर सकते हैं।

प्रशासनिक अधिकारियों के अनुसार, मुख्यमंत्री बुधवार शाम करीब चार बजे पुलिस लाइन स्थित हेलीपैड पर पहुंचेंगे। यहां से वह संपूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय परिसर में आयोजित भाजपा कार्यकर्ता सम्मेलन में भाग लेने जाएंगे और कार्यकर्ताओं को संबोधित करेंगे। सम्मेलन में आगामी एमएलसी चुनावों की रणनीति, बूथ स्तर पर संगठन की मजबूती और मतदाताओं से संपर्क बढ़ाने पर जोर दिए जाने की संभावना है।

मुख्यमंत्री के दौरे को लेकर कार्यक्रम स्थल और आसपास के क्षेत्रों में सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए जा रहे हैं। कार्यकर्ता सम्मेलन के बाद मुख्यमंत्री नमो घाट पहुंचकर भारतीय वायुसेना के प्रस्तावित एयर शो की तैयारियों का जायजा ले सकते हैं। इसे देखते हुए जिला प्रशासन घाट पर सुरक्षा व्यवस्था, भीड़ प्रबंधन और अन्य आवश्यक तैयारियों को अंतिम रूप देने में जुटा है।

नमो घाट पर निरीक्षण के बाद मुख्यमंत्री काशी विश्वनाथ मंदिर और बाबा कालभैरव मंदिर में दर्शन-पूजन भी कर सकते हैं। इसके बाद उनका सर्किट हाउस में रात्रि विश्राम का कार्यक्रम प्रस्तावित है। अगले दिन वह वाराणसी से रवाना होंगे।

कार्यकर्ता सम्मेलन की तैयारियों को लेकर भाजपा की बैठक

मुख्यमंत्री के प्रस्तावित दौरे और कार्यकर्ता सम्मेलन की तैयारियों के मद्देनजर भाजपा महानगर के पदाधिकारियों ने सोमवार देर शाम गुलाबबाग, सिगरा स्थित पार्टी कार्यालय में बैठक की। इसमें तीनों विधानसभा क्षेत्रों के प्रमुख पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल हुए थे।

बैठक में महानगर प्रभारी एवं विधान परिषद सदस्य अरुण पाठक ने बताया कि 14 अक्टूबर को आयोजित सम्मेलन में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पार्टी कार्यकर्ताओं को आगामी चुनावों की तैयारियों के संबंध में मार्गदर्शन देंगे। बैठक में सम्मेलन को सफल बनाने और चुनावी तैयारियों को गति देने पर भी चर्चा की गई।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *