सावन सोमवार से पहले बांदा में पुलिस का हाई अलर्ट! DIG-SP ने किया रूट मार्च, भारी वाहनों पर रोक और डायवर्जन लागू

सावन सोमवार से पहले बांदा में पुलिस का हाई अलर्ट! DIG-SP ने किया रूट मार्च, भारी वाहनों पर रोक और डायवर्जन लागू

बांदा। उत्तर प्रदेश के जनपद बांदा में सावन सोमवार, कांवड़ यात्रा और सावन अमावस्या को लेकर पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। आमजनमानस में सुरक्षा की भावना सुदृढ़ करने और जिले में शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से शनिवार रात पुलिस उपमहानिरीक्षक चित्रकूटधाम परिक्षेत्र बांदा राजेश एस और पुलिस अधीक्षक बांदा पलाश बंसल ने भारी पुलिस बल के साथ शहर क्षेत्र में रूट मार्च किया। इस दौरान प्रमुख मार्गों, संवेदनशील स्थानों और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया गया। पुलिस अधिकारियों ने ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों को सतर्कता के साथ ड्यूटी करने तथा श्रद्धालुओं और आमजन के साथ विनम्र व्यवहार करते हुए सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

रूट मार्च के बाद पुलिस अधिकारियों ने बाम्बेश्वर मंदिर पहुंचकर संभावित श्रद्धालुओं की भीड़ के मद्देनजर मंदिर परिसर और आसपास की सुरक्षा व्यवस्था का निरीक्षण किया। श्रद्धालुओं के सुगम आवागमन, यातायात व्यवस्था, बैरिकेडिंग, पार्किंग और भीड़ नियंत्रण की तैयारियों की समीक्षा कर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। अपर पुलिस अधीक्षक बांदा शिवराज ने रविवार को बताया कि कांवड़ यात्रा और आगामी सावन सोमवार के मद्देनजर पुलिस पूरी तरह मुस्तैद है। इस दौरान सहायक पुलिस अधीक्षक/क्षेत्राधिकारी नगर मेविस टॉक सहित भारी पुलिस बल मौजूद रहा।

उधर, कांवड़ यात्रा और सावन अमावस्या के मद्देनजर जिले में यातायात व्यवस्था को लेकर भी व्यापक डायवर्जन लागू किया गया है। चित्रकूट की ओर जाने वाले मार्ग पर अति आवश्यक सेवाओं वाले वाहनों को छोड़कर सभी प्रकार के भारी वाहनों का आवागमन प्रतिबंधित रहेगा। मटौंध, भूरागढ़, बांदा, अतर्रा, बदौसा और चित्रकूट मार्ग को कांवड़ यात्रा एवं सावन अमावस्या मार्ग घोषित किया गया है। इस मार्ग पर बड़ी संख्या में पैदल श्रद्धालुओं के आवागमन को देखते हुए रविवार और सोमवार को दिन-रात भारी वाहनों का संचालन पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। बांदा-मटौंध से कबरई तक भी भारी वाहनों के आवागमन पर रोक रहेगी।

महोबा से बांदा आने वाले भारी वाहनों को महोबा-कबरई होते हुए खन्ना और बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे के रास्ते बांदा आने की व्यवस्था की गई है। इसी प्रकार बांदा से महोबा जाने वाले भारी वाहन बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे का इस्तेमाल करेंगे। बांदा से चित्रकूट आने-जाने वाले लोगों को कांवड़ यात्रा मार्ग के बजाय बांदा-बिसंडा-पहाड़ी मार्ग अथवा बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे से आवागमन करने की सलाह दी गई है।

जिले के अन्य प्रमुख मार्ग बांदा-बेंदाघाट-फतेहपुर, बांदा-चिल्ला-चौडगरा, बांदा-बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे-महोबा तथा बांदा-नरैनी-कालिंजर सभी प्रकार के वाहनों के लिए सामान्य दिनों की तरह खुले रहेंगे। पुलिस ने कांवड़ यात्रा समूहों से अपील की है कि कांवड़ यात्रा अथवा सावन अमावस्या के लिए निर्धारित मटौंध-बांदा-अतर्रा-बदौसा मार्ग का ही प्रयोग करें। वहीं, आमजन से मटौंध-बांदा-अतर्रा-बदौसा-चित्रकूट मार्ग पर कांवड़ यात्रा या चित्रकूट कामदगिरि दर्शन के अलावा अन्य कार्यों से आवागमन से बचने तथा वैकल्पिक मार्गों का प्रयोग करने की अपील की गई है, ताकि श्रद्धालुओं को सुगम और सुरक्षित आवागमन उपलब्ध कराया जा सके।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *