सावन के पहले सोमवार प्रयागराज हुआ शिवमय, हर-हर महादेव के जयकारों से गूंजे शिवालय और घाट

सावन के पहले सोमवार प्रयागराज हुआ शिवमय, हर-हर महादेव के जयकारों से गूंजे शिवालय और घाट

प्रयागराज। श्रावण मास के प्रथम सोमवार पर धर्मनगरी प्रयागराज पूरी तरह शिवमय हो उठी। भोर की पहली किरण के साथ ही “हर-हर महादेव”, “बम-बम भोले” और “जय शिव शंकर” के जयघोष से पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया। शिवभक्तों ने श्रद्धा और उत्साह के साथ भगवान शिव का जलाभिषेक शुरू किया। शहर के प्रमुख शिव मंदिरों के बाहर सुबह से ही श्रद्धालुओं की लंबी कतारें देखने को मिलीं।

विश्व प्रसिद्ध प्रयागराज के दशाश्वमेध घाट पर श्रद्धालुओं ने मां गंगा और त्रिवेणी संगम में पुण्य स्नान कर पवित्र गंगाजल भरा और बाबा विश्वनाथ के जलाभिषेक के लिए काशी की ओर प्रस्थान किया। घाट पर “हर-हर महादेव” और “जय गंगे” के उद्घोष से पूरा वातावरण भक्तिरस में डूबा रहा।

शहर के ब्रह्मेश्वर महादेव, मनकामेश्वर महादेव, नागवासुकी मंदिर, तक्षकेश्वर महादेव, कोटेश्वर महादेव, नर्मदेश्वर महादेव, पण्डेश्वर महादेव, फुटाहवन महादेव सहित सभी प्रमुख शिवालयों में श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ पड़ा। भक्त बेलपत्र, धतूरा, दूध, दही और गंगाजल अर्पित कर भगवान भोलेनाथ का पूजन-अर्चन कर परिवार की सुख-समृद्धि और विश्व कल्याण की कामना कर रहे हैं।

श्रावण के प्रथम सोमवार को श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा के लिए प्रशासन ने व्यापक व्यवस्थाएं की हैं।

पुलिस उपायुक्त नगर मनीष कुमार शांडिल्य ने बताया कि सभी प्रमुख शिव मंदिरों, घाटों और कांवड़ यात्रा मार्गों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया है। महिला श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए महिला पुलिसकर्मियों की विशेष ड्यूटी लगाई गई है। साथ ही सीसीटीवी कैमरों और ड्रोन के माध्यम से पूरे क्षेत्र की लगातार निगरानी की जा रही है।

श्रावण के पहले सोमवार पर आस्था, श्रद्धा और भक्ति का यह अनुपम संगम प्रयागराज की धार्मिक और सांस्कृतिक परंपरा को जीवंत करता नजर आया। हर ओर गूंजते “हर-हर महादेव” के जयघोष ने पूरे शहर को शिवभक्ति के रंग में रंग दिया।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *