सामने आया कुत्ता मालकिन का नया वीडियो, बच्चे के पिता ने कहा- मुझे कह रहीं जाहिल-गंवार

गाजियाबाद के राजनगर एक्सटेंशन की चार्म्स कैसल सोसाइटी में बच्चे को कुत्ता काटने वाले मामले में एक और वीडियो सामने आया है। इस वीडियो में बच्चे का पिता कुत्ते की मालकिन की शिकायत करता दिख रहा है। बच्चे के पिता ने वीडियो में आरोप लगाया कि कुत्ते की मालकिन कुत्ते को बिल्डिंग में ही पोट्टी कराने ले आती है। कुत्ता काटने वाले बच्चे के पिता ने वीडियो में यह भी आरोप लगाया कि वो उन्हें जाहिल और गंवार कह रही है।

बीते मंगलवार को सोसायटी की लिफ्ट में एक महिला के पालतू कुत्ते ने बच्चे को काट लिया था। महिला के सामने बच्चा दर्द से कराहता रहा लेकिन महिला ने बच्चे का हाल तक ना पूछा। मामले में पुलिस ने अब शिकायत दर्ज कर ली है।

पुलिस ने दर्ज की थी एफआईआर

मंगलवार को आए वीडियो में साफ दिख रहा था कि बच्चे को कुत्ते के काटने के बाद महिला ने बच्चे से उसका हाल तक नहीं पूछा और अपना फ्लोर आने पर चुपचाप लिफ्ट से निकल गई। बच्चे की मां की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया था।

क्या कहा था बच्चे की मां ने

कुत्ता काटने वाले बच्चे की मां ने शिकायत करते हुए कहा था कि,” जब मेरा बच्चा लिफ्ट में था तो उसे एक कुत्ते ने काट लिया। वह रो रहा था और उसने मुझे घटना के बारे में बताया। मैंने अपने पति को फोन किया। आरोपी महिला बिल्डिंग के तहखाने में कुत्ते को टहला रही थी और उसने हमें अपना फ्लैट नंबर या अपना नाम नहीं बताया। हमने उसका एक वीडियो बनाया। इसके बाद हमने गार्ड को उस महिला की तस्वीर दिखाई तो उसने बताया कि महिला उसी सोसाइटी में रहती है। हमने पुलिस हेल्पलाइन नंबर 112 पर फोन किया लेकिन महिला पुलिस के सामने नहीं आई और उसने अपने परिवार के सदस्यों को भेज दिया।’

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *