भोपाल। मध्यप्रदेश के भोपाल के खजूरी सड़क थाना क्षेत्र में एक मार्बल दुकान की दुकान में काम करने वाले एक व्यक्ति की निर्मम हत्या कर दी गयी। इस वारदात को सागर जिले के सीरियल किलर द्वारा अंजाम दिया गया है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार खजुरी सड़क थाना क्षेत्र स्थित एक मार्बल दुकान में सोनू वर्मा (23) नामक एक व्यक्ति चौकीदार का काम करता था। कल रात्रि वह दुकान में ड्युटी पर था, तभी उसकी आंख लग गयी और वह सो गया। इसी दौरान आरोपी वहां पहुंचा, जिसने मार्बल की सिल्ली से प्रहार कर सोनू की हत्या कर दी। घटना की जानकारी आज सुबह पुलिस को लगी और पुलिस ने मौके पर पहुंच कर शव को अपने कब्जे में लिया और पोस्टर्माटम के लिए भेजवा दिया।
घटना के बाद पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज देखे जिसमें एक व्यक्ति दुकान में देखा गया। बताया जा रहा है कि यह वही व्यक्ति है जिसने सागर में सीरियल किलिंग की वारदात को अंजाम दिया है।


