नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने संविधान दिवस के अवसर पर गुरुवार को लिखे अपने लेख में संविधान की ताकत और सरकार की विभिन्न योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि संविधान की शक्ति से सामान्य नागरिकों को सशक्त बनाने के कई उदाहरण सामने आए हैं। उन्होंने कहा कि सामाजिक और आर्थिक न्याय की भावना हमारे संविधान के मूल में समाहित है। संविधान निर्माताओं के सपनों को साकार करने की दिशा में किए जा रहे प्रयास संतोषजनक हैं।

प्रधानमंत्री ने प्रख्यात संवैधानिक विशेषज्ञ ग्रैनविले ऑस्टिन के कथन का उल्लेख करते हुए लिखा कि उन्होंने भारतीय संविधान को ‘फर्स्ट एंड फोरमोस्ट अ सोशल डॉक्यूमेंट’ बताया था। पीएम मोदी के अनुसार, विश्व बैंक की हालिया रिपोर्ट बताती है कि भारत के करीब 50 करोड़ लोग अत्यंत गरीबी से बाहर निकले हैं। इससे पीढ़ियों से अभाव में जी रहे परिवारों को बेहतर भविष्य की उम्मीद मिली है।

सरकारी योजनाओं को बताया सामाजिक और आर्थिक न्याय का माध्यम
पीएम मोदी ने प्रधानमंत्री आवास योजना का उल्लेख करते हुए लिखा कि जब किसी परिवार को झोपड़ी से निकलकर पक्के मकान में गृह प्रवेश का अवसर मिलता है, तब गरिमापूर्ण जीवन का संवैधानिक संकल्प साकार होता है। उज्ज्वला योजना के माध्यम से महिलाओं को धुएं से भरी रसोई से राहत मिलना समानता और जनकल्याण के आदर्शों को आगे बढ़ाता है।
उन्होंने कहा कि आयुष्मान भारत योजना के कारण गरीब परिवारों को कर्ज की चिंता किए बिना बेहतर इलाज मिल रहा है। वहीं, मुद्रा योजना और पीएम स्वनिधि के तहत छोटे उद्यमियों तथा रेहड़ी-पटरी वालों को बिना गारंटी ऋण मिलने से आर्थिक न्याय की संवैधानिक भावना जमीन पर उतर रही है।
प्रधानमंत्री ने डिजिटल तकनीक, रुपे कार्ड और यूपीआई का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि इन प्लेटफॉर्म तक हर नागरिक की पहुंच से समावेशिता का संवैधानिक आदर्श मजबूत हुआ है, जबकि पहले इन सुविधाओं तक पहुंच कुछ विशेषाधिकार प्राप्त लोगों तक सीमित थी।
संविधान संशोधनों का भी किया उल्लेख
प्रधानमंत्री ने अपनी सरकार के कार्यकाल में हुए संविधान संशोधनों को भी इसी दृष्टिकोण से देखने की बात कही। उन्होंने लिखा कि 101वें संविधान संशोधन से जीएसटी जैसे बड़े सुधार का रास्ता खुला। 102वें संविधान संशोधन के माध्यम से राष्ट्रीय पिछड़ा वर्ग आयोग को संवैधानिक दर्जा मिला, जिससे वंचित वर्गों की लंबे समय से चली आ रही मांग पूरी हुई।
उन्होंने 103वें संविधान संशोधन का उल्लेख करते हुए कहा कि इसके तहत आर्थिक रूप से कमजोर वर्गों (ईडब्ल्यूएस) के लिए 10 प्रतिशत आरक्षण की व्यवस्था की गई। इससे उन समुदायों को लाभ मिला, जो लंबे समय तक आरक्षण व्यवस्था के दायरे से बाहर थे। उन्होंने इसे आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों की आकांक्षाओं को पूरा करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।
22 भाषाओं में उपलब्ध हुआ संविधान का अपडेटेड संस्करण
पीएम मोदी ने लिखा कि 1950 के बाद पहली बार संविधान का अपडेटेड संस्करण आठवीं अनुसूची में शामिल सभी 22 भाषाओं में उपलब्ध है। इससे संविधान आम नागरिकों के और करीब आया है।
उन्होंने भारतीय न्याय संहिता का उल्लेख करते हुए कहा कि संविधान लागू होने के बाद भी देश में 1860 के दशक में गुलामी के दौर में बनी दंड संहिता लागू रही। भारतीय न्याय संहिता के माध्यम से आपराधिक न्याय व्यवस्था में मौलिक बदलाव लाने का प्रयास किया गया है। पुरानी व्यवस्था में दंड पर जोर था, जबकि भारतीय न्याय संहिता में नागरिक केंद्रित व्यवस्था और न्याय को प्राथमिकता दी गई है।
नागरिकों के कर्तव्यों पर दिया जोर
प्रधानमंत्री ने कहा कि बीते एक दशक में नागरिकों के कर्तव्यों पर विशेष बल दिया गया है। भारतीय सभ्यता में समाज के प्रत्येक व्यक्ति को उसकी भूमिका और जिम्मेदारियों का बोध कराने की परंपरा रही है। स्वच्छ भारत अभियान से लेकर जल संरक्षण और पर्यावरण संरक्षण तक चलाए गए जन आंदोलनों में कर्तव्य की इसी भावना के दर्शन होते हैं।
संविधान को कमजोर करने वालों पर साधा निशाना
लेख के अंत में पीएम मोदी ने कहा कि देश के इतिहास में ऐसे अवसर भी आए हैं, जब संविधान की रक्षा का दायित्व निभाने वाले लोगों ने ही इसे कमजोर करने का रास्ता चुना। उन्होंने इसे विडंबना बताते हुए कहा कि ये वही लोग हैं, जिन्हें पांच दशकों तक देश की बागडोर संभालने का अवसर मिला।

