संभल पुलिस का बड़ा एक्शन: अंतर्राज्यीय बाइक चोर गिरोह का भंडाफोड़, 8 चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद; तीन शातिर गिरफ्तार

संभल पुलिस का बड़ा एक्शन: अंतर्राज्यीय बाइक चोर गिरोह का भंडाफोड़, 8 चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद; तीन शातिर गिरफ्तार

संभल। उत्तर प्रदेश के जनपद संभल की हयातनगर थाना पुलिस ने अंतर्राज्यीय मोटरसाइकिल चोर गिरोह का पर्दाफाश करते हुए तीन शातिर अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके कब्जे से 8 चोरी की मोटरसाइकिलें, जिनमें बुलेट, अपाचे और स्प्लेंडर शामिल हैं, बरामद की हैं। अभियुक्तों के खिलाफ संगठित अपराध (ऑर्गेनाइज्ड क्राइम) के तहत कड़ी कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

पुलिस अधीक्षक संभल कृष्ण कुमार बिश्नोई ने साेमवार काे बताया कि 24 जुलाई को थाना हयातनगर क्षेत्र के सरायतरीन स्थित होली चौक से एक मोटरसाइकिल चोरी होने की सूचना मिली थी। पुलिस ने तत्काल घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज में दिखाई दिए संदिग्ध की पहचान फेस रिकॉग्निशन और सर्विलांस तकनीक की मदद से कासिम उर्फ भिंडी पुत्र शाहिद निवासी चमन सराय के रूप में हुई। जांच में सामने आया कि कासिम उर्फ भिंडी के खिलाफ पहले से चोरी और गैंगस्टर समेत करीब 11-12 मुकदमे दर्ज हैं। वह दिल्ली, मुरादाबाद, संभल, अमरोहा और बुलंदशहर सहित कई जिलों में वाहन चोरी की वारदातों को अंजाम देता रहा है।

पूछताछ के दौरान गिरोह के दो अन्य सदस्य अमान पुत्र इकबाल निवासी रायसत्ती और असद पुत्र सादिक निवासी मोहल्ला कोटगर्वी का नाम भी सामने आया। तीनों की निशानदेही पर पुलिस ने 8 चोरी की बाइक बरामद कर लीं, जिनमें 24 जुलाई को हयातनगर से चोरी हुई मोटरसाइकिल भी शामिल है। एसपी ने बताया कि आरोपिताें के खिलाफ बीएनएस की संगठित अपराध से संबंधित धाराओं में कार्रवाई की जाएगी। साथ ही अपराध से अर्जित संपत्ति जब्त करने, आपराधिक इतिहास अपडेट करने और आरोपिताें की पूर्व में मिली जमानत निरस्त कराने की भी प्रक्रिया शुरू की जाएगी। सम्भल पुलिस की इस कार्रवाई को वाहन चोरी की घटनाओं पर बड़ी चोट माना जा रहा है।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *