मुज़फ्फरनगर। कांवड़ यात्रा-2026 को सुरक्षित, शांतिपूर्ण और निर्विघ्न संपन्न कराने के लिए पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आ रहा है। इसी क्रम में मेरठ जोन के अपर पुलिस महानिदेशक (एडीजी) भानु भास्कर ने शनिवार देर रात करीब 11 बजे मुज़फ्फरनगर पहुंचकर कांवड़ यात्रा की सुरक्षा व्यवस्थाओं का व्यापक स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने शिव चौक से लेकर मदीना चौक तक पैदल गश्त कर सुरक्षा इंतजामों का जायजा लिया और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा, पुलिस अधीक्षक नगर अमृत जैन, पुलिस अधीक्षक ग्रामीण अक्षय संजय महाडीक, पुलिस अधीक्षक यातायात अतुल कुमार चौबे, पुलिस अधीक्षक अपराध इन्दु सिद्धार्थ तथा सहायक पुलिस अधीक्षक नगर सिद्धार्थ के. मिश्रा सहित पुलिस और प्रशासन के कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

एडीजी भानु भास्कर ने कांवड़ मार्ग पर बनाए गए पुलिस सहायता केंद्रों, बैरिकेडिंग, ट्रैफिक डायवर्जन, सीसीटीवी निगरानी व्यवस्था, ड्यूटी प्वाइंट, पीएसी, होमगार्ड तथा अन्य सुरक्षा प्रबंधों का बारीकी से निरीक्षण किया। उन्होंने ड्यूटी पर तैनात पुलिस अधिकारियों और जवानों से बातचीत कर व्यवस्थाओं की जानकारी ली तथा निर्देश दिए कि सभी कर्मी पूरी सतर्कता, अनुशासन और संवेदनशीलता के साथ अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करें।
इसके बाद एडीजी ने शिव चौक से अहिल्याबाई चौक होते हुए मदीना चौक तक पैदल गश्त की। इस दौरान उन्होंने कांवड़ियों से मुलाकात कर उनकी यात्रा और व्यवस्थाओं के बारे में जानकारी ली। शिव चौक पर उन्होंने शिवभक्तों पर पुष्पवर्षा कर उनका स्वागत और अभिनंदन किया। पुलिस प्रशासन के इस आत्मीय व्यवहार से श्रद्धालुओं में उत्साह दिखाई दिया और उन्होंने सुरक्षा एवं सेवा व्यवस्थाओं की सराहना की।
निरीक्षण के दौरान एडीजी भानु भास्कर रामपुर तिराहा स्थित अस्थायी कांवड़ थाने भी पहुंचे। वहां उन्होंने सुरक्षा व्यवस्था, पुलिस बल की तैनाती और नियंत्रण व्यवस्था का निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि कांवड़ यात्रा के समापन तक किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरती जाए और प्रत्येक गतिविधि पर लगातार नजर रखी जाए।
एडीजी ने ड्रोन कैमरों, सीसीटीवी नेटवर्क और अन्य आधुनिक तकनीकी संसाधनों के माध्यम से पूरे कांवड़ मार्ग की चौबीसों घंटे निगरानी बनाए रखने तथा किसी भी सूचना पर तत्काल प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और पुलिस का व्यवहार भी उतना ही महत्वपूर्ण है।
उन्होंने अधिकारियों से कहा कि शिवभक्तों के साथ विनम्र, सम्मानजनक और सहयोगपूर्ण व्यवहार किया जाए। सुरक्षा व्यवस्था के साथ सेवा भाव बनाए रखते हुए यह सुनिश्चित किया जाए कि लाखों श्रद्धालु बिना किसी परेशानी के सुरक्षित और सुगम वातावरण में अपनी धार्मिक यात्रा पूरी कर सकें।

