शिकोहाबाद में मकान गिरा, मलबे में दबकर एक की मौत, सात घायल हुए

फिरोजाबाद। उत्तर प्रदेश में फिरोजाबाद जिले के शिकोहाबाद में पिछले 24 घंटे से लगातार हो रही बारिश के कारण गुरुवार को तड़के एक मकान गिर गया। धराशायी हुए मकान के मलबे में 8 लोग दबकर घायल हो गए हैं, इनमें से एक की अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गयी।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जनपद फिरोजाबाद में इस घटना से हुई जनहानि पर गहरा दुःख व्यक्त करते हुए जिला प्रशासन को तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरु कर घायलों का उपचार कराने का निर्देश दिया है।
पुलिस ने आज सुबह बताया कि शिकोहाबाद थाना क्षेत्र में एक पुराना मकान ढह गया। जिला प्रशासन को इसकी सूचना मिलने पर जिलाधिकारी और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मौके पर पहुंच गये। जिला प्रशासन की निगरानी में शुरु हुए राहत एवं बचाव कार्य के दौरान घायलों को मलबे से निकाला गया। मकान के मलबे से आठ घायलों को निकाल कर अस्पताल में भर्ती कराया गया। अस्पताल में इलाज के दौरान एक घायल की मौत हो गयी।
गौरतलब है कि जिले में बुधवार को शाम से शुरू हुई बारिश जारी है। इस कारण जिले के अधिकांश इलाके जलमग्न हैं। इस कारण लोगों को आवागमन में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। जिला प्रशासन ने भारी बारिश के मद्देनजर स्कूल बंद करने के आदेश दिये हैं।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *