शामली में सीएम योगी का विपक्ष पर तीखा हमला, बोले—सपा-कांग्रेस ‘जिन्ना के उपासक’, 581 करोड़ की परियोजनाओं की दी सौगात

शामली में सीएम योगी का विपक्ष पर तीखा हमला, बोले—सपा-कांग्रेस ‘जिन्ना के उपासक’, 581 करोड़ की परियोजनाओं की दी सौगात

शामली। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शुक्रवार को शामली जनपद के दौरे पर पहुंचे। 581 करोड़ की 89 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। इस अवसर पर अपने संबोधन में उन्होंने समाजवादी पार्टी और कांग्रेस को जिन्ना का उपासक करार दिया।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि 2017 से पहले सोने वालों की सरकार थी। वह सोते रहते थे। डेमोग्राफी बदलने की कोशिश की जा रही थी। कांवड़ यात्रा निकालने में बाधा डाली जा रही थी। कृष्ण जन्माष्टमी मनाने से रोक दिया गया था। अब यूपी बदल चुका है। शामली जनपद की गन्ने की मिठास है। शामली 10 वर्ष पहले लोगों के लिए कौतूहल का विषय बना हुआ था। लोग खोजते थे कि शामली जिला कहां है, जहां इतना दहशत फैला हुआ है। पलायन होता था। सरेआम गुंडागर्दी होती थी। कोई सुरक्षित नहीं था। एक शरारत के तहत यहां की डेमोग्राफी को बदलने की साजिशें हो रही थीं। विकास कार्य ठप पड़ा हुआ था। नौजवान हतास और निराश था। किसान आत्महत्या करने को मजबूर था। बहन बेटियां घर से बाहर निकलने से डरती थीं। उद्योग धंधे चौपट हो गए थे। आवागमन के मार्ग पूरी तरह से गड्ढों में तब्दील हो चुके थे। बिजली नहीं आती थी। आज जब कैराना और शामली को देखता हूं तो अंत:करण में खुशी होती है। जैसे प्रयागराज की धरती मां गंगा, यमुना और सरस्वती की त्रिवेणी के लिए जाना जाता था। ऐसे ही पश्चिमी उत्तर प्रदेश में हमारा शामली और अब दिल्ली देहरादून एक्सप्रेस-वे, शामली अंबाला एक्सप्रेसवे और गोरखपुर शामली एक्सप्रेसवे का संगम बन चुका है। यही इन्फ्रास्ट्रक्चर आने वाले समय में हमारे शामली को एनसीआर के सबसे समृद्ध जनपदों में खड़ा करके रख देगा।

उन्हाेंने लाेगाें से सीधा संवाद करते हुए आगे कहा कि याद करिए आज से दस वर्ष पहले बिजली के लिए तरसते थे। आज शामली अपने यहां से 400 केवीए के एक बड़े विद्युत केन्द्र के माध्यम से पश्चिम उप्र में बिजली की आपूर्ति करने का माध्यम बना हुआ है। उस समय मेडिकल की सुविधाएं नदारद थी। हमारी सरकार के पहले तीन वर्ष 2017 से 2020 के बीच ही जो प्रगति की, उसका परिणाम था कि 2020-2021 में कोरोना काल में दिल्ली और आस-पास के जिलों के लोग यहां अस्पतालों में इलाज के लिए आ रहे थे। यह विकास का वह मॉडल है जो डबल इंजन की सरकार दे रही है।

मुख्यमंत्री याेगी आदित्यनाथ ने अपनी सरकार की उपलब्धियां गिनाते हुए कहा कि केन्द्र और राज्य की सरकार मिलकर शामली की प्रगति कर रही है। योगी ने कहा कि स्वतंत्र भारत के इतिहास में चौधरी चरण सिंह के बाद यदि किसी ने चीनी मिलों के लिए कार्य किया तो पूर्व मंत्री सुरेश राणा ने किया। आज उसका परिणाम है कि 122 चीनी मिलें चल रही हैं। गन्ना मूल्य में वृद्धि कर 400 रुपये प्रति कुंतल कर दिया गया है। 2007 से 2017 के बीच सपा बसपा सरकार में 29 चीनी मिलें बंद कर दी गयीं थीं। उन मिलों को वापस लाकर चला रहे हैं। आज चीनी और एथनाल उत्पादन में यूपी नंबर एक हो गया है। सपा और कांग्रेस जिन्ना के उपासक हैं। इनके कार्यकाल में पलायन हो रहा था। हम गन्ना किसानों के उपासक है। जिन्ना के उपासक आपको बांटने का ही कार्य करेंगे।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *