विपक्ष के हंगामे के कारण राज्यसभा की कार्यवाही बारह बजे तक स्थगित

नयी दिल्ली। दिनों दिन बढ़ती महंगाई, जीएसटी और अग्निपथ योजना सहित विभिन्न मुद्दों पर चर्चा कराने की मांग पर अड़े विपक्ष ने लगातार पांचवें दिन शुक्रवार को भी राज्यसभा में हंगामा किया जिसके कारण सदन की कार्यवाही बारह बजे तक स्थगित करनी पड़ी।

विपक्ष मानसून सत्र के पहले दिन से ही महंगाई तथा अन्य ज्वलंत मुद्दों पर चर्चा कराने की मांग कर रहा है जबकि सरकार अपने विधाई एजेंडे को आगे बढ़ाना चाहती है। दोनों पक्षों के अपने-अपने रुख पर अड़े रहने के कारण कार्यवाही में आई बाधा के चलते राज्यसभा में लगातार पांचवें दिन शुक्रवार को भी शून्यकाल नहीं हो सका।

सभापति एम वेंकैया नायडू ने विदाई दस्तावेज सदन के पटल पर रखवाने के बाद कहा कि उन्हें कई सदस्यों से महंगाई और अग्निपथ योजना सहित अनेक मुद्दों पर नियम 267 के तहत चर्चा कराने के नोटिस मिले हैं लेकिन इस तरह के नोटिसओं पर वह पहले ही अपनी व्यवस्था दे चुके हैं। उन्होंने कहा कि इन मुद्दों पर अलग से चर्चा हो सकती है और अभी शून्य काल के तहत उठाए जाने वाले मुद्दों का समय है।

इसी बीच कांग्रेस तथा अन्य विपक्षी दलों के सदस्य हाथों में प्लेकार्ड लेकर नारेबाजी करने लगे। श्री नायडू ने कहा कि सदस्य सदन में प्लेकार्ड नहीं दिखा सकते यह गंभीर मामला है। उन्होंने कहा कि विपक्षी सदस्य पहले ही एक सप्ताह का समय बर्बाद कर चुके हैं और सदन सभी मुद्दों पर चर्चा के लिए तैयार है लेकिन हंगामा ठीक नहीं है।

विपक्षी सदस्यों द्वारा उनकी बातों को नजरअंदाज किए जाने के मद्देनजर उन्होंने सदन की कार्यवाही बारह बजे तक के लिए स्थगित कर दी।

इससे पहले उन्होंने नवनिर्वाचित सदस्य कपिल सिब्बल को सदन की सदस्यता की शपथ दिलाई श्री सिब्बल ने अंग्रेजी में शपथ ली।

उनका राज्यसभा का कार्यकाल हाल ही में समाप्त हुआ था और वह इस सदन के लिए दोबारा चुने गए हैं।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *