वाराणसी में सामान के दाम को लेकर विवाद, 75 वर्षीय दुकानदार को मारी गोली

वाराणसी में सामान के दाम को लेकर विवाद, 75 वर्षीय दुकानदार को मारी गोली

वाराणसी। उत्तर प्रदेश के वाराणसी जनपद अंतर्गत चौबेपुर थाना क्षेत्र के लुठा खुर्द गांव में गुरुवार सुबह मामूली विवाद में एक युवक ने 75 वर्षीय वृद्ध दुकानदार पर तमंचे से गोली मार दी। गोली वृद्ध के कंधे में लगी। घटना के बाद हमलावर ग्रामीणों को धमकाते हुए मौके से फरार हो गया। घायल वृद्ध को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी स्थिति खतरे से बाहर बताई जा रही है।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, लुठा खुर्द गांव के निवासी लल्लू गुप्ता (75) गांव में ही अपनी जनरल स्टोर (किराने) की दुकान चलाते हैं। गुरुवार सुबह वह प्रतिदिन की भांति अपनी दुकान में बैठे थे। तभी गांव का ही एक युवक दुकान पर सामान लेने पहुंचा। दुकानदार लल्लू गुप्ता ने सामान की कीमत बताई, तो युवक ने सामान महंगा होने का आरोप लगाते हुए बहस शुरू कर दी। देखते ही देखते दोनों के बीच बात इतनी बढ़ गई कि तीखी नोकझोंक हाथापाई में बदल गई। इस दौरान आक्रोशित युवक ने तमंचा से वृद्ध दुकानदार पर फायर झोंक दिया।

गोली दुकानदार वृद्ध लल्लू गुप्ता के कंधे के पार निकल गई, जिससे वह लहूलुहान होकर वहीं गिर पड़े। गोली की आवाज और वृद्ध की चीख-पुकार सुनकर परिजन और आस-पास के ग्रामीण तुरंत मौके पर पहुंचे। भीड़ को देख आरोपित युवक लोगों को धमकाते हुए मौके से भाग निकला। परिजनों और ग्रामीणों ने तत्काल घटना की सूचना चौबेपुर थाना पुलिस को दी और घायल वृद्ध को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) नरपतपुर पहुंचाया, जहाँ डॉक्टरों की टीम उनका उपचार कर रही है।

सारनाथ एसीपी ने बताया कि लुठा खुर्द गांव में सुबह सामान के लेनदेन को लेकर वृद्ध दुकानदार को गोली मारी गई है। घायल व्यक्ति को अस्पताल में भर्ती कराया गया है और वह खतरे से बाहर हैं। परिजनों से तहरीर लेकर मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें लगा दी गई हैं। ——–

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *