वाराणसी। चन्दौली के सांसद वीरेंद्र सिंह ने शनिवार काे वाराणसी के भोजूवीर स्थित अपने आवासीय कैम्प कार्यालय पर समाजवादी पार्टी के संस्थापक मुलायम सिंह यादव की पुण्यतिथि पर उन्हें याद किया। सांसद वीरेंद्र सिंह ने मुलायम सिंह यादव के चित्र पर पुष्प अर्पित किया और अपनी भावपूर्ण श्रद्धा सुमन अर्पित करते हुए कहा कि मुलायम सिंह यादव सबके नेताजी थे। मुलायम सिंह यादव को धरती पुत्र और नेताजी कहने वाले उनके समर्थकों में एक मै भी हूँ।

सांसद वीरेंद्र सिंह ने कहा कि भारत के पूर्व रक्षा मंत्री, उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री, समाजवादी आंदोलन के प्रणेता एवं ‘पद्म विभूषण’ सम्मानित श्रद्धेय नेताजी मुलायम सिंह यादव की पुण्यतिथि पर उन्हें शत्-शत् नमन एवं विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं। नेताजी ने अपना संपूर्ण जीवन देश, किसान, गरीब, पिछड़ों और वंचितों के अधिकारों की लड़ाई में समर्पित किया। उनके विचार, संघर्ष और समाजवादी आदर्श सदैव हमारे मार्गदर्शक रहेंगे।

इस अवसर पर कार्यालय पर एकत्रित समाजवादी पार्टी कार्यकर्ताओं ने भी बारी बारी मुलायम सिंह यादव के चित्र पर पुष्पांजलि की। कार्यकर्ताओं ने अपनी बातों को रखा और पुण्यतिथि पर प्रसाद प्राप्त किया।

