वाराणसी। उत्तर प्रदेश में वाराणसी जनपद के मिर्जामुराद थाना क्षेत्र अंतर्गत बिहड़ा गांव के पास नहर किनारे सड़क पर रविवार सुबह एक 30 वर्षीय युवक का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। युवक के सिर और चेहरे पर गंभीर चोट के निशान पाए गए हैं। घटना की सूचना मिलते ही मिर्जामुराद पुलिस, फॉरेंसिक टीम और मृतक के परिजन मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार, रविवार अलसुबह बिहड़ा गांव के नहर मार्ग पर स्थानीय युवक टहलने और दौड़ लगाने निकले थे। इसी दौरान सड़क किनारे एक युवक का शव पड़ा दिखाई दिया। इसकी सूचना तत्काल पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव की पहचान कराने का प्रयास किया, लेकिन प्रारंभिक स्तर पर सफलता नहीं मिली।

कुछ देर बाद गौर गांव की गीता और अन्य ग्रामीण मौके पर पहुंचे। गीता ने दाहिने हाथ पर बने जन्मजात निशान के आधार पर शव की पहचान अपने बड़े भाई जग्गू (30) के रूप में की। भाई का शव देखते ही परिजनों में कोहराम मच गया। परिजनों ने युवक की हत्या किए जाने की आशंका जताई है। उनका कहना है कि जग्गू क्षेत्र के एक होटल में कार्यरत था। उसकी शादी करीब पांच माह पहले हुई थी। किसी पारिवारिक विवाद के चलते उसकी पत्नी इन दिनों मायके में रह रही थी। वह पत्नी से मिलने जाने की बात कहकर घर से निकला था, लेकिन वापस नहीं लौटा।
मृतक की बड़ी बहन गीता ने बताया कि परिवार में तीन भाई और एक बहन थे। एक भाई की पहले ही मृत्यु हो चुकी है। जग्गू सबसे बड़ा भाई था और अब परिवार में केवल एक भाई और बहन ही बचे हैं।
मिर्जामुराद थानाध्यक्ष के अनुसार, शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। घटनास्थल से फॉरेंसिक टीम ने साक्ष्य एकत्र किए हैं। परिजनों की तहरीर मिलने के बाद संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है और पूछताछ तथा साक्ष्य के आधार पर जल्द ही घटना का पर्दाफाश किया जाएगा।

