वाराणसी में तीर्थयात्रियों से भरी बस ट्रक में घुसी, चालक को आई झपकी से मचा कोहराम; 21 घायल, 16 अस्पताल रेफर

वाराणसी में तीर्थयात्रियों से भरी बस ट्रक में घुसी, चालक को आई झपकी से मचा कोहराम; 21 घायल, 16 अस्पताल रेफर

वाराणसी। उत्तर प्रदेश के वाराणसी जनपद में वाराणसी-प्रयागराज राष्ट्रीय राजमार्ग पर मिर्जामुराद थाना क्षेत्र के मेंहदीगंज के पास शुक्रवार देर रात तीर्थयात्रियों से भरी एक बस आगे चल रहे ट्रक से टकरा गई। हादसे में बस चालक समेत 21 यात्री घायल हो गए। बताया जा रहा है कि चालक को नींद की झपकी आने के कारण बस अनियंत्रित होकर ट्रक के पिछले हिस्से से टकरा गई। दुर्घटना के बाद ट्रक चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, पश्चिम बंगाल के नदिया जिले के कृष्णानगर निवासी बस चालक समूल आचार 60 महिला-पुरुष तीर्थयात्रियों को लेकर गया (बिहार), प्रयागराज और मथुरा-वृंदावन के दर्शन-पूजन कराने के बाद वापस लौट रहा था। शुक्रवार देर रात बस जैसे ही मिर्जामुराद क्षेत्र के मेंहदीगंज भिखारीपुर गांव के समीप पहुंची, चालक को अचानक नींद की झपकी आ गई। इससे बस पर उसका नियंत्रण हट गया और बस आगे चल रहे ट्रक के पिछले हिस्से में जा भिड़ी।

टक्कर इतनी जोरदार थी कि बस का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे में आगे की सीटों पर बैठे यात्रियों को गंभीर चोटें आईं। दुर्घटना के बाद बस में सवार यात्रियों में चीख-पुकार मच गई। आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी।

सूचना मिलते ही मिर्जामुराद थाना प्रभारी गोपाल कुशवाहा पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को बस से बाहर निकलवाया और एंबुलेंस के जरिए जक्खिनी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद 16 घायलों की हालत को देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए शहर के अस्पतालों में रेफर कर दिया गया।

थाना प्रभारी के मुताबिक, दुर्घटना के चलते राष्ट्रीय राजमार्ग पर कुछ समय तक यातायात प्रभावित रहा। पुलिस ने क्रेन की मदद से दुर्घटनाग्रस्त बस को सड़क से हटवाकर किनारे कराया, जिसके बाद यातायात सामान्य हो गया।

हादसे में घायल होने वालों में बस चालक समूल आचार के अलावा पश्चिम बंगाल निवासी दुर्गा कांड (53), मैली (49), सुख विश्वास (59), संपोंडांस (66), विश्वजीत साह (38), नोमिता वाला (56), शुक्ला विश्वास (58), लीना देय (56), लोक्खी घोष (50) और शेफाली दास (59) शामिल हैं। इनके अलावा झुमरानी विशेष, स्माली साघोराई, सपना मित्रों, सिजोई हद्रो, ज्योति प्रिय भद्रो, शकुन, पायो प्रदीप देय, गुरुदसी सरकार, गौरी शंकर सरकार, माला सौदार एवं पूर्णिना भी घायल हुई हैं।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *