वाराणसी जीआरपी का बड़ा कमाल, 80 लाख के 400 गुम मोबाइल बरामद कर यात्रियों को लौटाए

वाराणसी जीआरपी का बड़ा कमाल, 80 लाख के 400 गुम मोबाइल बरामद कर यात्रियों को लौटाए

वाराणसी। वाराणसी में रेलवे स्टेशन पर आने वाले यात्रियों के गुम हुए चार सौ मोबाइल फोन शुक्रवार को राजकीय रेलवे पुलिस (जीआरपी) पुलिस ने वापस लौटाये तो यात्रियों के चेहरे पर मुस्कान आ गई। जीआरपी वाराणसी थाना के प्रभारी निरीक्षक रजोल नागर ने यात्रियों को उनके गुम फोन बरामद कर वापस सौंपा है। बरामद मोबाइल फाेन की अनुमानित कीमत करीब 80 लाख रुपये है।

बीते दिनों पुलिस महानिदेशक रेलवे प्रकाश डी, पुलिस महानिरीक्षक रेलवे प्रयागराज एन. कोलांची, पुलिस अधीक्षक रेलवे प्रयागराज प्रशांत वर्मा और पुलिस उपाधीक्षक रेलवे वाराणसी कुंवर प्रभात सिंह ने मोबाइल फोन के गुम होने के मामले बढ़ने पर जीआरपी वाराणसी को तत्काल ठोस कदम उठाने के निर्देश दिए थे। इसके बाद गुम हुए मोबाइल की बरामदगी के लिए अभियान चलाया गया। रेलवे स्टेशन, प्लेटफार्म और सर्कुलेटिंग एरिया में चोरी की घटनाओं की रोकथाम के साथ अपराधियों की गिरफ्तारी और संदिग्ध व्यक्तियों की चेकिंग हुई। प्रभारी निरीक्षक रजोल नागर के नेतृत्व में थाना जीआरपी कैंट की टीम और सर्विलांस टीम ने तकनीकी प्रयासों से मोबाइल फोन बरामद किए।

इसके बाद मोबाइल प्राप्त करने के लिए संबंधित आवेदकों को सूचना देकर थाने बुलाया गया, जहां 90 लोग उपस्थित हुए। उन्हें सामूहिक रूप से उनके मोबाइल फोन सौंपे गए, जबकि शेष मोबाइल भी उनके स्वामियों को वितरित किए जा रहे हैं। मोबाइल स्वामियों ने जीआरपी वाराणसी की कार्यशैली की सराहना करते हुए पुलिस टीम के प्रति आभार जताया।

जीआरपी के प्रभारी निरीक्षक रजोल नागर ने कहा कि उपनिरीक्षक सोहनपाल वर्मा, हेड कांस्टेबल सौभाग्य पांडेय, सत्येंद्र बहादुर शाह, कांस्टेबल हरेंद्र कुमार यादव, सोनू सिंह, मिथिलेश तथा हेड कांस्टेबल विजय शंकर राय सहित प्रयागराज की सर्विलांस टीम ने फोनों की बरामदगी में अच्छा कार्य किया है।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *