वाराणसी एयरपोर्ट पर लाइसेंसी पिस्टल की जांच के दौरान चली गोली, महिला कर्मचारी समेत दो घायल
Oplus_16908288

वाराणसी एयरपोर्ट पर लाइसेंसी पिस्टल की जांच के दौरान चली गोली, महिला कर्मचारी समेत दो घायल

वाराणसी। उत्तर प्रदेश में वाराणसी जिले के बाबतपुर स्थित लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर शनिवार सुबह लाइसेंसी पिस्टल की जांच के दौरान अचानक गोली चल गई। हादसे में गोली की चपेट में आने से एक महिला कर्मचारी और पास खड़ा एक अन्य व्यक्ति घायल हो गया। दोनों को उपचार के लिए हॉस्पिटल भेजा गया है।

डीसीपी गोमती जोन कार्यालय के अनुसार, शनिवार सुबह करीब 9:30 बजे आजमगढ़ निवासी कमलेश राय अपनी पत्नी के साथ एयरपोर्ट पहुंचे थे। उन्हें एयर इंडिया एक्सप्रेस की फ्लाइट संख्या आई एक्स 1810 से वाराणसी से मुंबई जाना था। यात्री अपने साथ लाइसेंसी पिस्टल लेकर आया था।

एयरपोर्ट पर सुरक्षा जांच के दौरान लाइसेंसी पिस्टल और उसमें मौजूद राउंड की गिनती की जा रही थी। इसी दौरान अचानक पिस्टल से फायर हो गया। गोली राउंड की जांच कर रही महिला कर्मचारी सुमन कुमारी के पैर में जा लगी, जबकि पास खड़े एक अन्य व्यक्ति के अंगूठे में भी गोली लग गई।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंच गए। पुलिस उपायुक्त गोमती जोन, सहायक पुलिस आयुक्त पिंडरा समेत अन्य अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और घटना के संबंध में जानकारी जुटाई।

पुलिस ने दोनों घायलों को उपचार के लिए लक्ष्मी हॉस्पिटल भेजा गया है। मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *