बाराबंकी। उत्तर प्रदेश में बाराबंकी जिले की कोतवाली फतेहपुर क्षेत्र के सूरतगंज मार्ग पर स्थित ग्राम दादनपुर के निकट सावन के दूसरे सोमवार पर लोधेश्वर महादेवा में जलाभिषेक के लिए जा रहे तीन युवकों की बाइक रविवार देर रात ट्रैक्टर-ट्रॉली से टकरा गई। हादसे में बाइक सवार दो युवकों की मौत हो गई, जबकि तीसरा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।

फतेहपुर कस्बे के जोशी टोला निवासी शैलेंद्र उर्फ हेमल जोशी (22), शक्तिमान जोशी (19) और सचिन जोशी (21) एक ही बाइक से लोधेश्वर महादेवा मंदिर में सावन के दूसरे सोमवार को जलाभिषेक के लिए जा रहे थे। दादनपुर के पास आगे चल रही ट्रैक्टर-ट्रॉली से उनकी बाइक की जोरदार टक्कर हो गई। बताया जा रहा है कि ट्रैक्टर-ट्रॉली में भी श्रद्धालु सवार थे और वे भी महादेवा जा रहे थे। हादसे में तीनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए।

ग्रामीणों के अनुसार, घायलों को सीएचसी पहुंचाया गया जहां चिकित्सकों ने शक्तिमान को जिला अस्पताल रेफर कर दिया। परिजनों का आरोप है कि रेफर किए जाने के बाद करीब डेढ़ घंटे तक एंबुलेंस नहीं पहुंची। हालत बिगड़ने पर कोतवाल अमित सिंह भदौरिया ने उसे सरकारी वाहन से जिला अस्पताल के लिए रवाना किया, लेकिन रास्ते में ही शक्तिमान की मौत हो गई।
हादसे में शैलेंद्र उर्फ हेमल जोशी की भी मौत हो गई, जबकि घायल सचिन जोशी का उपचार कराया जा रहा है। एंबुलेंस में देरी से नाराज परिजनों ने अस्पताल में हंगामा किया। सूचना पर पहुंचे अधिकारियों ने परिजनों को समझाकर मामला शांत कराया। पुलिस पूरे मामले की जांच पड़ताल कर रही है, हादसे के बाद युवकों के परिवारों में मातम पसरा है।
कोतवाल अमित सिंह भदौरिया ने बताया इस घटना में दो की मौत हो गई जबकि एक घायल का जिला अस्पताल में उपचार किया जा रहा है। मृतकों को पोस्टमार्टम हेतु भेजा गया है।

