लॉरेंस बिश्नोई की दहशत बरकरार….टीचर को फोन कर दी किडनैप करने की धमकी

लॉरेंस बिश्नोई की दहशत बरकरार….टीचर को फोन कर दी किडनैप करने की धमकी

गुरूग्राम। सिद्धू मूसेवाला हत्याकांड से सुर्खियों में आए कुख्यात गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई की दहशत बरकरार है। अब गुरूग्राम के एक स्कूल संचालक को अपहरण की धमकी मिली है। यह धमकी लॉरेंस बिश्नोई के नाम से दी गई है। गुरुग्राम पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर केस दर्ज कर मामले की तफ़्तीश शुरू कर दी है।

भांगरौला में गुरु द्रोणाचार्य स्कूल संचालक के मुताबिक, फोन करने वाले अज्ञात शख्स ने खुद को गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई गैंग का सदस्य बताया और धमकी देते हुए कहा, सोमवार तक तेरा अपहरण कर लूंगा। धमकी भरे फोन काॅल पर जब स्कूल संचालक ने पूछा, भाईसाहब क्या बात है? तो धमकी देने वाले शख्स ने कहा कि मैं सोमवार को ही बताऊंगा, और कॉल कट कर दिया, उसके बाद उसी कॉल पर बार-बार कॉल करने की कोशिश की गई, लेकिन फोन कनेक्ट नहीं हुआ।

धमकी भरे कॉल के बाद खौफ में आए स्कूल संचालक ने तुरंत फरूखनगर थाने में जाकर शिकायत दर्ज करवाई जहां पुलिस ने इस मामले में एक्शन लेते हुए आईपीसी की धारा 506 के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।

बता दें कि लॉरेंस बिश्नोई ने पंजाबी सिंगर सिद्धू मूसेवाला हत्याकांड की जिम्मेदारी ली है। पुलिस की स्पेशल सेल तिहाड़ जेल में लॉरेंस से इसी सिलसिले में पूछताछ कर रही है। कुख्यात गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई की गैंग पंजाब, हरियाणा, राजस्थान और हिमाचल प्रदेश में भी सक्रिय है।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *