लखनऊ। उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में प्रॉपर्टी डीलर संदीप सिंह हत्याकांड का मुख्य आरोपित शूटर को शनिवार भोर में एसटीएफ और लखनऊ पुलिस की सयुंक्त टीम ने मुठभेड़ में ढेर कर दिया। उस पर एक लाख रुपये का इनाम था।

मुखबिर की ओर से एसटीएफ काे सूचना मिली कि संदीप सिंह की हत्या में फरार मुख्य आरोपित संजय उर्फ संजीव किसी वारदात को अंजाम देने के इरादे से कैनाल रोड पर है। इस सूचना पर एसटीएफ के अपर पुलिस अधीक्षक दीपक सिंह ने टीम के साथ बदमाश की घेराबंदी की तो उसने कर्बाइन से टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में टीम ने गोली चलाई जिसमें वह घायल होकर जमीन पर गिर पड़ा। पुलिस उसे इलाज के लिए डा. राम मनोहर लोहिया ले गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

एएसपी ने बताया कि एनकाउंटर में मारा गया बदमाश संजीव अम्बेडकर नगर का रहने वाला था। वह एक शातिर अपराधी है और उसके खिलाफ लखनऊ, अयोध्या, अम्बेडकर, बस्ती समेत कई जिलों में मुकदमें दर्ज हैं। इसके अलावा यह भी पता चला है कि बदमाश दिलीप वर्मा और खान मुबारक गैंग के लिए काम करता था। उसकी गिरफ्तारी पर लखनऊ पुलिस कमिश्ररेट की ओर से एक लाख रुपये का इनाम घोषित किया था।
उल्लेखनीय है कि प्रॉपर्टी डीलर संदीप सिंह मूलरूप से जौनपुर के टकारी गांव के रहने वाला था। संदीप 2008 में पिता के साथ लखनऊ में रहकर प्रॉपर्टी का काम करते थे। 27 मई को संदीप की पीजीआई थाना क्षेत्र स्थित अपने आफिस के पास बदमाशों ने गोली मारकर हत्या कर दी थी। इस मामले में संजीव का नाम आया था, जिसके बाद से टीम उसे तलाश कर रही थी।

