लखनऊ में नौसेना शौर्य वाटिका का भव्य लोकार्पण, राजनाथ सिंह बोले– देशभक्ति और सैन्य गौरव का प्रतीक बनेगा यह स्थल

लखनऊ में नौसेना शौर्य वाटिका का भव्य लोकार्पण, राजनाथ सिंह बोले– देशभक्ति और सैन्य गौरव का प्रतीक बनेगा यह स्थल

लखनऊ। केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के साथ शनिवार को लखनऊ के सीजी सिटी में नौ करोड़ की लागत से निर्मित ‘नौसेना शौर्य वाटिका’ का लोकार्पण किया। इस अवसर पर रक्षा मंत्री ने कहा कि लखनऊ राष्ट्रभक्ति और सैन्य गौरव का प्रतीक बन रहा है।

लोकार्पण समारोह को संबोधित करते हुए केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ ने कहा कि नौसेना शौर्य वाटिका लखनऊ के लिए एक प्रेरणा स्थल और लखनऊ की पहचान बनेगा। यह शौर्य वाटिका केवल बनावट का नमूना भर नहीं है यह हमें सेनाओं के संघर्ष और योगदान को स्मरण कराएगी। रक्षामंत्री ने घोषणा की कि यहां पर पनडुब्बी भी आयेगी। बच्चों व परिवारों को यहां लेकर जरूर आएं, ताकि सेना के शौर्य से परिचित हो सकें।

राजनाथ ने कहा कि भारत का रक्षा क्षेत्र कभी निर्यात के लिए नहीं जाना जाता था। हम हथियार बाहर से ही आयात करते थे। अब भारत का रक्षा क्षेत्र आत्मनिर्भर होने की ओर तेजी से बढ़ रहा है। 2014 से पहले भारत एक हजार करोड़ के रक्षाक्षेत्र से जुड़े कल पुर्जे ही निर्यात करता था। अब 40 हजार करोड़ के हथियार हम दुनिया के अन्य देशों में निर्यात कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि भारत ताकतवर तभी कहलायेगा जब हथियाओं के निर्माण में हम आत्मनिर्भर होंगे। हम भारतीय सेनाओं के लिए अत्याधुनिक हथियार भारत में ही बना रहे हैं।

रक्षा मंत्री ने कहा कि जो राष्ट्र अपनी सेनाओं का सम्मान करता है वही राष्ट्र दुनिया में सम्मान पाता है। उन्होंने कहा कि आज की भागदौड़ जिंदगी में हमारे सैनिकों का बलिदान व संघर्ष पीछे छूट जाता है इसलिए शौर्य वाटिका के माध्यम से हम सेना के शौर्य व पराक्रम को देख सकते हैं।

उन्होंने कहा कि हमें सुरक्षा हमारी सेनाएं ही दे पाती हैं। हमारा देश तीन ओर से समुद्र से घिरा हुआ है। हिन्द महासागर से हमारी अर्थव्यवस्था व व्यापार जुड़ा है। समुद्र की सुरक्षा की जिम्मेदारी नेवी के पास ही होती है। उन्होंने कहा कि गोमती नदी लखनऊ की जीवन धारा है। लखनऊ और गोमती का नाता हमारा नेवी के साथ है। इसके नाम से एक युद्धपोत हमारे देश में है। 1988 में इसे सेना में शामिल किया गया था। प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की सराहना करते हुए रक्षा मंत्री ने कहा कि हर क्षेत्र में उत्तर प्रदेश ऊंचाई छू रहा है। उप्र अब लहलहा रहा है, जगमगा रहा और तेजी से आगे बढ़ रहा है। शौर्य वाटिका निर्माण के लिए सहयोग करने के लिए रक्षामंत्री ने मुख्यमंत्री योगी का आभार जताया।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि लखनऊ आने वाला कोई भी व्यक्ति यहां भारत की परंपरा, विरासत तथा सुरक्षा से जुड़े किसी केंद्र का भ्रमण कर सकता है और उस पर गौरव की अनुभूति कर सकता है। इसी शृंखला में ‘नौसेना शौर्य वाटिका’ एक नए केंद्र के रूप में यहां स्थापित हुई है। उन्होंने कहा कि जब भारत का सैनिक माइनस डिग्री टेंपरेचर पर, रेगिस्तान की झुलसती गर्मी में एवं समुद्री लहरों का मुकाबला करते हुए देश की रक्षा करता है, तब 140 करोड़ भारतवासी चैन की नींद सोता है।

उत्तर प्रदेश के पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने बताया कि नौसेना शौर्य वाटिका भारतीय नौसेना के वीर सौनिकों को समर्पित श्रद्धांजलि स्थल है। यह संग्रहालय युवाओं में राष्ट्रभक्ति और सैन्य गौरव की भावना को भी प्रबल करेगा और भावी पीढ़ियों के लिए प्रेरणास्रोत बनेगा। भारतीय नौसेना एवं उत्तर प्रदेश पर्यटन विभाग के संयुक्त तत्वावधान में विकसित यह परियोजना अत्याधुनिक ओपन एयर म्यूजियम एवं इंटरप्रिटेशन सेंटर के रूप में तैयार की गई है। आगंतुक इस संग्रहालय को देखकर नौसेना के कर्तव्य एवं पराक्रम पर गर्व करेंगे।

दर्शकों के लिए यह होगा खास

नौसेना शौर्य वाटिका में भारतीय नौसेना से सेवानिवृत्त युद्धपोत आईएनएस गोमती को स्थापित किया गया है, जो कि आकर्षण का मुख्य केंद्र होगा। यह युद्धपोत 28 मई 2022 को सेवा से रिटायर हुआ था। वहीं एके-726 मीडियम रेंज तोप, सीईटी-53 एम पनडुब्बी अवरोध, जिफ-101 लॉन्चर विद आरजे, कैपस्टन ड्रम, मुख्य मस्तूल और जहाज का प्रोपेलर शामिल हैं।

नौसेना शौर्य वाटिका में आने वाले पर्यटक भारतीय नौसेना के इतिहास, युद्ध अभियानों, तकनीकी दक्षता और समुद्री सुरक्षा की व्यापक जानकारी प्राप्त कर सकेंगे। साथ ही यह स्थल बच्चों और युवाओं में राष्ट्रभक्ति तथा रक्षा सेवाओं के प्रति आकर्षण बढ़ाने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *