लखनऊ में आज हल्की बारिश के आसार, बादलों की आवाजाही जारी, 3 अगस्त से तेज बारिश की संभावना

लखनऊ में आज हल्की बारिश के आसार, बादलों की आवाजाही जारी, 3 अगस्त से तेज बारिश की संभावना

लखनऊ। राजधानी लखनऊ में रविवार सुबह से आसमान में बादलों की आवाजाही बनी हुई है। मौसम विभाग के अनुसार आज दिनभर हल्के बादल छाए रहने के साथ कुछ स्थानों पर हल्की बारिश या बूंदाबांदी हो सकती है। शहर में 15 से 20 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने की संभावना है, जिससे लोगों को उमस से कुछ राहत मिल सकती है।

मौसम विभाग के अनुसार, लखनऊ का अधिकतम तापमान करीब 34 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है। शनिवार को शहर का अधिकतम तापमान 35.5 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 27.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से अधिक रहा।

इस मानसून सीजन में अब तक लखनऊ में 176.9 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई है, जबकि सामान्य औसत 322 मिलीमीटर माना जाता है। इस प्रकार अब तक सामान्य से लगभग 45 प्रतिशत कम बारिश हुई है, जिससे मानसून की रफ्तार अपेक्षाकृत धीमी रही है।

मौसम वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह के अनुसार, फिलहाल मानसून की सक्रियता कुछ कमजोर हुई है, लेकिन अगस्त की शुरुआत के साथ इसमें फिर तेजी आने की संभावना है। उन्होंने बताया कि 2 अगस्त को हल्की बारिश के आसार हैं, जबकि 3 अगस्त से 6 अगस्त तक राजधानी और आसपास के क्षेत्रों में बारिश की गतिविधियां तेज हो सकती हैं।

मौसम विभाग के मुताबिक, बंगाल की खाड़ी में बना गहरा दबाव का क्षेत्र अब छत्तीसगढ़ और ओडिशा की ओर बढ़ गया है। इसके चलते मानसून की मुख्य सक्रियता फिलहाल मध्य भारत की ओर शिफ्ट हो गई है। हालांकि उत्तर प्रदेश में तेज हवाओं का दौर जारी रहने की संभावना है, जिससे तापमान में अधिक बढ़ोतरी नहीं होगी और उमस से कुछ राहत मिलने की उम्मीद है।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *