लखनऊ मुठभेड़ में दो शातिर लुटेरे गिरफ्तार, दिल्ली-एनसीआर समेत कई राज्यों में दर्ज हैं केस

लखनऊ मुठभेड़ में दो शातिर लुटेरे गिरफ्तार, दिल्ली-एनसीआर समेत कई राज्यों में दर्ज हैं केस

लखनऊ। लखनऊ के कृष्णानगर थाना क्षेत्र में पुलिस और सर्विलांस टीम (दक्षिणी) ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए एक अंतरराज्यीय लूट और छिनैती करने वाले गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस मुठभेड़ के दौरान गिरोह के दो शातिर सदस्यों को गिरफ्तार किया गया। दोनों आरोपियों के पैरों में गोली लगी है और उनका इलाज लोकबंधु अस्पताल में चल रहा है। पुलिस के अनुसार 28 मई को कुंदन विहार निवासी रामबाबू चौरसिया की शिकायत पर कृष्णानगर थाने में मुकदमा दर्ज किया गया था।

 

शिकायत में बताया गया था कि बाइक सवार दो बदमाश उनकी मोटरसाइकिल पर रखा बैग लेकर फरार हो गए थे। इसके अलावा कुछ दिन पहले वर्षा रानी नामक महिला की चेन स्नैचिंग की घटना का भी मामला दर्ज किया गया था। इन घटनाओं के खुलासे के लिए पुलिस उपायुक्त (दक्षिणी) के निर्देशन में चार टीमें गठित की गई थीं। जांच के दौरान पुलिस ने 200 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और मैनुअल व इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों के आधार पर गिरोह तक पहुंचने में सफलता हासिल की। पुलिस के मुताबिक 30 मई की देर रात मानसनगर रोड स्थित आशाराम बापू आश्रम के पास संदिग्ध व्यक्तियों की जांच की जा रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिलने पर बाइक सवार दो संदिग्धों को रोकने का प्रयास किया गया।

 

पुलिस को देखकर दोनों भागने लगे और इस दौरान बाइक फिसलकर गिर गई। आरोप है कि बदमाशों ने पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने आत्मरक्षा में गोली चलाई, जिससे दोनों आरोपियों के पैरों में गोली लगी और उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान दिल्ली निवासी रोहन उर्फ गुड्डू (23) और साहिल (21) के रूप में हुई है। दोनों के खिलाफ उत्तर प्रदेश और दिल्ली-एनसीआर के विभिन्न थानों में चोरी, लूट, आर्म्स एक्ट और अन्य आपराधिक मामलों के कई मुकदमे दर्ज हैं।

 

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक सोने की चेन (करीब 5.70 ग्राम), एक बैग, दो अवैध तमंचे (.315 बोर), चार कारतूस, वारदात में प्रयुक्त बिना नंबर प्लेट की पल्सर मोटरसाइकिल बरामद की है। पुलिस का दावा है कि आरोपियों की गिरफ्तारी से कृष्णानगर थाने में दर्ज चेन स्नैचिंग और बैग लूट के दो मामलों का खुलासा हो गया है। पुलिस अब गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश में जुटी है और उनसे पूछताछ के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है। यह पूरी कार्रवाई कृष्णानगर थाना पुलिस और दक्षिणी जोन की सर्विलांस टीम ने संयुक्त रूप से की।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *