राम मंदिर की सेवा में मिली दूसरी बड़ी जिम्मेदारी, अयोध्या पहुंचे रिटायर्ड एयर मार्शल जितेंद्र मिश्रा; बोले- जीवन में दूसरी बार सेवा का मौका

राम मंदिर की सेवा में मिली दूसरी बड़ी जिम्मेदारी, अयोध्या पहुंचे रिटायर्ड एयर मार्शल जितेंद्र मिश्रा; बोले- जीवन में दूसरी बार सेवा का मौका

अयोध्या। राम मंदिर ट्रस्ट के नवनियुक्त एयर मार्शल (रिटायर्ड) जितेंद्र मिश्रा गुरुवार को अयोध्या पहुंचे। इस दौरान उनका भव्य स्वागत किया गया। इस दौरान उन्होंने कहा कि देश सेवा के बाद अब उन्हें भगवान श्रीराम की सेवा का अवसर मिला है। राम मंदिर ट्रस्ट के नवनियुक्त एयर मार्शल (रिटायर्ड) जितेंद्र मिश्रा ने पत्रकारों से बात करते हुए कहा, “इस नई ज़िम्मेदारी को संभालने के बाद अयोध्या का यह मेरा पहला दौरा है। पहले मैं जाकर अपना पद संभाल लूं, उसके बाद ही योजनाओं के बारे में बताऊंगा। मैं सलेक्शन कमेटी और ट्रस्ट का शुक्रिया अदा करना चाहता हूं। यह भगवान राम की कृपा भी है, इसलिए मैं और ज़्यादा कुछ नहीं कहना चाहता।

मेरा दिल आभार से भरा है और मैं खुद को बहुत खुशनसीब मानता हूं कि मुझे जिंदगी में दो बार यह जिम्मेदारी मिली है। एक बार देश की सेवा करने की और अब भगवान राम, मंदिर और उसके भक्तों की सेवा करने की, जिसके लिए मुझे इसके संगठन और प्रशासन का काम सौंपा गया है।” एयर मार्शल (रिटायर्ड) जितेंद्र मिश्रा ने कहा कि मैं इसी इलाके का रहने वाला हूं और अक्सर देवरिया, गोरखपुर और वाराणसी जाता रहता हूं। हमारा राज्य और देश तेजी से तरक्की कर रहे हैं और अयोध्या का भी उसी तरह विकास हो रहा है।

उन्होंने कहा कि मुझे कार्यभार संभालने दीजिए। भविष्य में और जानकारी दी जाएगी। बता दें कि अयोध्या श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट ने बुधवार को भारतीय वायुसेना के सेवानिवृत्त एयर मार्शल जितेंद्र मिश्रा को मंदिर का पहला मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) नियुक्त किया था। लंबे सैन्य अनुभव और बड़े संस्थानों के संचालन में दक्षता रखने वाले मिश्रा अब राम मंदिर की दैनिक प्रशासनिक व्यवस्था, श्रद्धालु सुविधाओं और विभिन्न एजेंसियों के बीच समन्वय की जिम्मेदारी संभालेंगे। सीईओ के चयन के लिए गठित समिति ने ट्रस्ट को तीन नामों का पैनल सौंपा था। इनमें उत्तर प्रदेश पुलिस के पूर्व आईपीएस अधिकारी राजेश पांडेय, बिहार के पूर्व डीजीपी डॉ. परेश सक्सेना और पूर्व आईएएस दिनेश चंद्र के नाम भी शामिल थे। ट्रस्ट ने विचार-विमर्श के बाद जितेंद्र मिश्रा के नाम पर मुहर लगाई। जितेंद्र मिश्रा भारतीय वायुसेना में करीब चार दशक तक विभिन्न महत्वपूर्ण पदों पर रहे हैं।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *