राजमिस्त्री की बेटी को अमेरिकी कॉलेज में मिली 100 फीसदी स्कॉलरशिप

पुरकाजी में राज मिस्त्री अय्यूब अंसारी की बेटी को अमेरिका में पढ़ाई के लिए 100 फीसदी स्कॉलरशिप मिली है। इसको लेकर मुस्कान अंसारी का पूरा परिवार बहुत खुश है और फूला नहीं समा रहा है। वहीं रविवार देर शाम पूर्व नगर पंचायत चेयरमैन पुत्र सैय्यद मुनीर सईद ने मुस्कान अंसारी के घर पहुंचकर मुबारकबाद दी वे मिठाई खिलाकर फूल माला पहनाकर सम्मानित किया। सैय्यद मुनीर सईद ने कहा कि कस्बे की बेटी मुस्कान की इस उपलब्धि पर हर कोई गर्व कर रहा है। वहीं उन्होंने कहा कि यह समस्त कस्बे वासियों के लिए गौरव की बात है के पुरकाजी की बेटी मुस्कान अंसारी ने अपनी प्रतिभा का डंका अमेरिका में बजाया है। राजमिस्त्री की बेटी को अमेरिका के बोस्टन शहर स्थित एक मशहूर कॉलेज से 100 फीसदी स्कॉलरशिप मिली है। मुजफ्फरनगर के पुरकाजी कस्बे के पीरपुरा मोहल्ले की रहने वाली मुस्कान अंसारी ने यह उपलब्धि हासिल की है। उनके पिता अयूब अंसारी राजमिस्त्री का काम करते हैं। बेटी की सफलता से गदगद पिता के मन में मिश्रित भाव उमड़ रहे हैं। बोस्टन के कॉलेज में मुस्कान इंटरप्रेन्योरशिप की पढ़ाई करेगी। मुस्कान के पिता को हमेशा अपनी बेटी पर भरोसा था कि वह कुछ बड़ा करेगी। उसने पिता की उम्मीदों को पूरा किया।
सात बच्चों के पिता अयूब अंसारी कहते हैं कि मेरी बेटी मुस्कान में कुछ बेहतर करने की काबिलियत है, मुझे यह पहले से पता था। बेटी की उपलब्धि पर वे खुश भी हैं और गौरवान्वित भी। साथ ही, एक डर उनके भीतर बैठ गया है। कहते हैं कि यह खबर असामाजिक तत्वों को भी आमंत्रित करेगा। वे सोचेंगे कि हमें बड़ी राशि मिल गई है। हालांकि, इस डर के आगे बेटी की उपलब्धि उन्हें खुशी मनाने का मौका दे रही है।
विद्या ज्ञान स्कूल में कर रही है पढ़ाई
मुस्कान की उम्र 18 साल है और अभी वह बुलंदशहर के विद्या ज्ञान स्कूल में पढ़ाई कर रही है। वर्ष 2014 में प्रवेश परीक्षा पास करने के बाद उसका यहां दाखिला हुआ था। विद्या ज्ञान स्कूल ग्रामीण क्षेत्र के कम आय वाले परिवारों के मेधावी छात्रों को मुफ्त में शिक्षा प्रदान करता है। साथ ही, कम आय वाले परिवारों के बच्चों के अन्य खर्चों का भार भी स्कूल प्रशासन की ओर से ही उठाया जाता है। अभी वह 12वीं परीक्षा के रिजल्ट का इंतजार कर रही है। दसवीं की परीक्षा में मुस्कान ने 97 फीसदी अंक हासिल किए थे।
*बाबसन कॉलेज में हुआ है चयन*
मुस्कान का चयन मैसाचुसेट्स के बाबसन कॉलेज में हुआ है। कॉलेज ने उसे उच्च शिक्षा के लिए 100 फीसदी स्कॉलरशिप ऑफर की है। अब वह इस संस्थान में इंटरप्रेन्योरशिप की पढ़ाई करेग। मुस्कान ग्लोबल बिजनेस मैनेजमेंट कोर्स के तहत कॉलेज के ग्लोबल स्कॉलर में से एक होगी। मुस्कान ने इस उपलब्धि पर कहा कि इसके पीछे मेरे माता-पिता और शिक्षकों का योगदान है। मेरे माता-पिता बहुत सहायक हैं और हमेशा मुझे बड़े सपने देखना और उन्हें पूरा करना सिखाया।
पहले भी जा चुकी है अमेरिका
*पहले भी अमेरिका जा चुकी है मुस्कान*। वर्ष 2018 में उसका चयन एक एक्सचेंज प्रोग्राम के लिए किया गया था। कार्यक्रम का संचालन अमेरिकी राज्य विभाग द्वारा किया गया था। मुस्कान बताती हैं कि मैंने वहां नॉर्थवेस्ट हाई स्कूल में एक साल तक पढ़ाई की। वह देश के लिए कुछ करने की इच्छा व्यक्त करते हुए कहती है कि मैं पूर्व राष्ट्रपति एपीजे अब्दुल कलाम की तरह अपने देश में योगदान देना चाहती हूं। मैं अपनी शिक्षा पूरी करने के बाद अपने देश में काम करूंगी।
पुरकाजी के पूर्व नगर पंचायत चेयरमैन हाजी कमरुज्जमा उर्फ नसीम मियां के पुत्र वे कांग्रेस पार्टी के जिला उपाध्यक्ष सैय्यद मुनीर सईद ने कहा की मुस्कान ने पूरे जिले का रोशन किया है। अगर उन्हें किसी भी सहायता की आवश्यकता होगी तो हम परिवार की मदद करेंगे।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *