यूपी में मानसून की दस्तक के आसार: 50 से ज्यादा जिलों में बारिश, 26 जिलों में भारी वर्षा और वज्रपात का अलर्ट

यूपी में मानसून की दस्तक के आसार: 50 से ज्यादा जिलों में बारिश, 26 जिलों में भारी वर्षा और वज्रपात का अलर्ट

लखनऊ। उत्तर प्रदेश में भीषण गर्मी से लाेगाें काे थोड़ी राहत महसूस हो रही है। आज सुबह से ही धूप नरम दिख रही हैं और हवाएं भी पहले जैसी गर्म नहीं हैं, बल्कि कुछ कुछ सामान्य सी बह रही हैं और इससे पारा भी लुढ़क रहा है। माैसम विभाग का अनुमान है कि अब अनुकूल हालात बन रहे हैं, मानसून कभी भी दस्तक दे सकता है।

सोमवार की शाम कई जिलों में आए तूफान और बारिश को देखते हुए मौसम विभाग का अनुमान है कि प्रदेश में मंगलवार से बुधवार के बीच मानसून सक्रिय हो सकता है। मौसम विभाग ने कई जिलों में भारी बारिश और आकाशीय बिजली गिरने की चेतावनी जारी की है। इनमें महाराजगंज, सिद्धार्थनगर, कुशीनगर समेत 26 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट है जबकि प्रयागराज, वाराणसी, मिर्जापुर, सोनभद्र समेत दो दर्जन से ज्यादा जिलों में आकाशीय बिजली गिरने की आशंका को देखते हुए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इसके अलावा मंगलवार को 50 से अधिक जिलों में हल्की से मध्यम और कहीं-कहीं भारी बारिश होने की संभावना जताई है। हालांकि पूर्वी उत्तर प्रदेश के सोनभद्र, मीरजापुर और चंदौली जैसे दक्षिणी जिलों में अभी भी मौसम का मिजाज गर्म बना हुआ है।

कई जिलों में आकाशीय बिजली गिरने का अलर्ट

भारत मौसम विज्ञान विभाग के लखनऊ केंद्र के वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया कि मंगलवार से बुधवार के बीच पूरे प्रदेश में मानसूनी गतिविधियां तेज होंगी। उन्होंने बताया कि जुलाई के पहले हफ्ते में प्रदेश में अच्छी बारिश की संभावना है। मौसम विभाग ने कौशांबी, प्रयागराज, प्रतापगढ़, चित्रकुट, बांदा, मिर्जापुर, चंदौली, जौनपुर, आजमगढ़, बलिया, गोरखपुर, महाराजगंज, गोंडा, बहराइच समेत कई इलाकों में मेघगर्जन के साथ आकाशीय बिजली गिरने को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।

कई इलाकों में बारिश को लेकर अलर्ट

इसके साथ ही मौसम विभाग ने पश्चिमी उत्तर प्रदेश के अमरोहा, मुरादाबाद, संभल, बरेली से लेकर पूर्वांचल के गोरखपुर, बस्ती, कुशीनगर, महाराजगंज, सिद्धार्थनगर, श्रावस्ती, बहराइच, सीतापुर, बाराबंकी समेत यूपी के कई इलाकों में भारी बारिश को लेकर अलर्ट जारी किया है।

आगरा, बहराइच और अलीगढ में मिलाजुला मौसम

सोमवार को प्रदेश के कई जिलों में बारिश देखने को मिली। इनमें बहराइच में सर्वाधिक 104 मिमी और श्रावस्ती में 80 मिमी बारिश दर्ज की गई। इसके अलावा गर्मी की तपिश आगरा में देखने को मिली। यहां अधिकतम तापमान 42.9 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया था। इसके अलावा अलीगढ़ में 42 डिग्री और बांदा में 41.2 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। मौसम विभाग के अनुसार जून में मानसून की सुस्त चाल के कारण प्रदेश में सामान्य से 59 प्रतिशत कम बारिश हुई।

आंधी-तूफान और वज्रपात से जन धन हानि हुई

प्रदेश में सोमवार की शाम आए तेज आंधी-तूफान और वज्रपात ने कई जिलों में भारी नुकसान किया। अलग-अलग जिलों में हुई घटनाओं में कई लोगों की मौत हो गई और कई व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। फिरोजाबाद में तेज आंधी की चपेट में एक विशाल नीम का पेड़ ई-रिक्शा पर गिर गया। इस हादसे में चालक समेत पांच लोगों की मौत हो गई। इसी प्रकार कुशी नगर , मीरजापुर और सोनभद्र में भी लोग घायल हुए हैं।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *