यूपी में बागपत पुलिस का जलवा: IGRS रैंकिंग में प्रदेश में नंबर-1, पूरे 125 में से मिले 125 अंक

यूपी में बागपत पुलिस का जलवा: IGRS रैंकिंग में प्रदेश में नंबर-1, पूरे 125 में से मिले 125 अंक

बागपत। जनशिकायतों के त्वरित और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के मामले में बागपत पुलिस ने अक्टूबर माह में प्रदेश स्तर पर पहला स्थान हासिल किया है। शासन की ओर से जारी अक्टूबर-2026 की आईजीआरएस (IGRS) मासिक मूल्यांकन रिपोर्ट में बागपत को 125 में से 125 अंक मिले हैं। इस तरह जनपद ने 100 प्रतिशत अंक प्राप्त कर प्रदेश में प्रथम रैंक हासिल की।

बागपत पुलिस द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार थाना स्तर पर जारी मूल्यांकन रिपोर्ट में भी बागपत के आठ थानों ने शत-प्रतिशत अंक प्राप्त किए हैं। जनपद के कुल 11 थानों में से आठ थानों का प्रदर्शन 100 प्रतिशत रहा, जबकि शेष तीन थानों को भी 98 से 99 प्रतिशत के बीच अंक मिले हैं।

एसपी बागपत पूर्णेन्दु सिंह के अनुसार यह उपलब्धि जनशिकायतों के त्वरित, पारदर्शी और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के लिए किए जा रहे प्रयासों का परिणाम है। आईजीआरएस पोर्टल पर प्राप्त शिकायतों की निगरानी और उनके समयबद्ध निस्तारण पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।

पुलिस अधीक्षक बागपत ने आईजीआरएस से जुड़े सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को इस प्रदर्शन को आगे भी बनाए रखने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने जनशिकायतों के निस्तारण में जिम्मेदारी और संवेदनशीलता बरतने के साथ शिकायतकर्ताओं को गुणवत्तापूर्ण समाधान उपलब्ध कराने पर जोर दिया।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *