यूपी में फिर बदला मौसम का मिजाज, प्रयागराज समेत कई जिलों में बारिश; 40 किमी की रफ्तार से हवाओं और आकाशीय बिजली का अलर्ट

यूपी में फिर बदला मौसम का मिजाज, प्रयागराज समेत कई जिलों में बारिश; 40 किमी की रफ्तार से हवाओं और आकाशीय बिजली का अलर्ट

प्रयागराज। मानसून की विदाई से पहले उत्तर प्रदेश में एक बार फिर मौसम सक्रिय हो गया है। शुक्रवार सुबह प्रयागराज समेत प्रदेश के कई जिलों में बारिश हुई है। वहीं, मौसम विभाग ने गरज-चमक, आकाशीय बिजली और 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चलने के साथ बारिश की संभावना जताई है।

मौसम विभाग के मुताबिक, प्रयागराज मंडल एवं कानपुर मंडल सहित कई जिलों में हल्की से मध्यम बारिश हुई है, जबकि कुछ जिलों में मध्यम से भारी बारिश के आसार हैं। चन्द्रशेखर आजाद कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय (सीएसए) कानपुर के मौसम वैज्ञानिक डॉ. एसएन सुनील पांडेय का कहना है कि मानसून की वापसी से पहले वातावरण में नमी और स्थानीय मौसमी परिस्थितियों के कारण प्रदेश के मध्य, पूर्वी और तराई क्षेत्रों में गरज-चमक के साथ बारिश के लिए अनुकूल परिस्थितियां बनी हुई हैं। उन्होंने लोगों को आकाशीय बिजली और तेज हवा के दौरान सावधानी बरतने तथा खुले स्थानों और पेड़ों के नीचे खड़े होने से बचने की सलाह दी है।

मौसम विभाग की चेतावनी के मुताबिक, प्रयागराज के साथ सोनभद्र, मीरजापुर, चंदौली, संत रविदास नगर, वाराणसी, गाजीपुर, जौनपुर, बलिया, प्रतापगढ़, चित्रकूट, बांदा, कौशांबी, हमीरपुर, फतेहपुर, जालौन, रायबरेली, अमेठी, कानपुर नगर, ललितपुर, झांसी, आजमगढ़, मऊ, सुलतानपुर, अंबेडकरनगर, अयोध्या, गोरखपुर, संतकबीरनगर, बस्ती, कुशीनगर, कानपुर देहात, उन्नाव, औरैया, लखनऊ, बाराबंकी, हरदोई, सीतापुर, बहराइच, गोंडा, महाराजगंज, सिद्धार्थनगर, बलरामपुर, श्रावस्ती और लखीमपुर खीरी में गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है।

इसके अलावा जौनपुर, प्रतापगढ़, हमीरपुर, जालौन, रायबरेली, अमेठी, कानपुर नगर, आजमगढ़, सुलतानपुर, अंबेडकरनगर, अयोध्या, संतकबीरनगर, बस्ती, कानपुर देहात, उन्नाव, औरैया, लखनऊ, बाराबंकी, हरदोई, सीतापुर, बहराइच, गोंडा, महाराजगंज, सिद्धार्थनगर, बलरामपुर, श्रावस्ती और लखीमपुर खीरी में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की हवा के साथ आकाशीय बिजली और मध्यम से भारी बारिश की संभावना जताई है।

मौसम विभाग के अनुसार, बंगाल की खाड़ी से जुड़े मौसम तंत्र के प्रभाव और वातावरण में बनी नमी के कारण अगले कुछ दिनों तक बारिश के दौर जारी रह सकते हैं। प्रयागराज के लिए मौसम विभाग ने 25 सितंबर को भी बादल और बारिश की संभावना जताई है।

डॉ. सुनील पांडेय ने लोगों से अपील की है कि बिजली चमकने के दौरान खुले मैदान, खेत, पेड़ और बिजली के खंभों के आसपास जाने से बचें। किसानों को भी मौसम की स्थिति को देखते हुए कृषि कार्य करने और खेतों में जल निकासी की व्यवस्था बनाए रखने की सलाह दी गई है।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *