यूपी बोर्ड ने स्कूलों को दिया जरूरी निर्देश, 9-11 के छात्रों की चेकलिस्ट 6 अक्टूबर तक जांचें; 10-12 में भी सुधार का मौका

यूपी बोर्ड ने स्कूलों को दिया जरूरी निर्देश, 9-11 के छात्रों की चेकलिस्ट 6 अक्टूबर तक जांचें; 10-12 में भी सुधार का मौका

प्रयागराज। माध्यमिक शिक्षा परिषद ने शैक्षिक सत्र 2026-27 में कक्षा नौ और 11 में अध्ययनरत विद्यार्थियों तथा वर्ष 2027 की हाईस्कूल और इंटरमीडिएट परीक्षा के लिए कक्षा 10 और 12 में पंजीकृत विद्यार्थियों के शैक्षिक विवरण को लेकर विद्यालयों को निर्देश जारी किए हैं। परिषद की वेबसाइट पर विद्यार्थियों के विवरण अपलोड करने की अंतिम तिथि 30 सितंबर निर्धारित की गई थी। अब विद्यालयों को पोर्टल पर उपलब्ध विवरण की जांच और आवश्यक संशोधन निर्धारित समयसीमा में पूरा करना होगा। यह जानकारी गुरुवार को माध्यमिक शिक्षा परिषद की सचिव भगवती सिंह ने दी।

उन्होंने बताया कि कक्षा 10 और 12 के विद्यार्थियों के विवरण की चेकलिस्ट परिषद के पोर्टल से प्राप्त कर विद्यालय के प्रधानाचार्य द्वारा जांच की जाएगी। यदि विवरण में किसी प्रकार का संशोधन या सुधार आवश्यक है तो एक से छह अक्टूबर 2026 की मध्यरात्रि 12 बजे तक उसे संशोधित अथवा अद्यतन किया जा सकेगा। उन्होंने विद्यालयों से निर्धारित अवधि में विद्यार्थियों के विवरण की सावधानीपूर्वक जांच पूरी करने को कहा है।

उन्होंने बताया कि कक्षा नौ और 11 के विद्यार्थियों के विवरण की चेकलिस्ट भी परिषद के पोर्टल से प्राप्त कर प्रधानाचार्य द्वारा भली-भांति जांची जाएगी। इन कक्षाओं के विवरण की जांच की अवधि एक से छह अक्टूबर तक निर्धारित की गई है। इस दौरान विवरण में किसी प्रकार का संशोधन नहीं किया जा सकेगा।

परिषद ने कक्षा नौ और 11 के विद्यार्थियों के विवरण में संशोधन के लिए अलग से समय निर्धारित किया है। पांच अक्टूबर से आठ अक्टूबर 2026 की मध्यरात्रि 12 बजे तक इन विद्यार्थियों के विवरण में आवश्यक संशोधन किया जा सकेगा।

परिषद सचिव भगवती सिंह ने विद्यालयों के प्रधानाचार्यों को निर्देशित किया है कि निर्धारित समयसीमा का पालन करते हुए विद्यार्थियों के विवरण की जांच और आवश्यक संशोधन की प्रक्रिया पूरी करें, ताकि आगामी बोर्ड परीक्षा से संबंधित अभिलेखों में किसी प्रकार की त्रुटि न रहे।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *