प्रयागराज। आने वाले चौबीस घंटे के मध्य उत्तर प्रदेश के प्रयागराज जिले सहित 54 जिलों में गरज चमक गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम वर्षा तथा 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है। यह पूर्वानुमान भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के लखनऊ केंद्र ने जारी किया है।

चन्द्रशेखर आजाद कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय, कानपुर के मौसम वैज्ञानिक डॉ. एस. एन. सुनील पांडेय ने बताया कि वर्तमान मौसमीय परिस्थितियों के कारण प्रयागराज, मिर्जापुर, सोनभद्र, चंदौली, वाराणसी, गाजीपुर, जौनपुर, संत रविदास नगर भदोही, प्रतापगढ़, रायबरेली , लखनऊ, बाराबंकी, लखीमपुर-खीरी, गोंडा, बस्ती, बहराइच, चित्रकूट , महोबा, बांदा , फतेहपुर ,कौशाम्बी, हमीरपुर, कानपुर, इटावा , मथुरा, हाथरस, पीलीभीत, सांवली, गौतम बुद्ध नगर, सहारनपुर, सहित कुल 54 जनपदों में कहीं-कहीं गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम वर्षा हो सकती है। कुछ स्थानों पर बिजली गिरने की भी आशंका है।

डॉ. पांडेय ने कहा कि तेज हवाओं और आकाशीय बिजली को देखते हुए किसानों और आम नागरिकों को विशेष सावधानी बरतनी चाहिए। बारिश के दौरान खुले मैदान, ऊंचे पेड़ों और बिजली के खंभों के नीचे खड़े होने से बचें तथा सुरक्षित स्थान पर शरण लें।
उन्होंने किसानों को सलाह दी कि खेतों में चल रहे कृषि कार्य मौसम सामान्य होने के बाद ही करें। जिन किसानों की फसल कटाई या कृषि उपज खुले में रखी है, वे उसे सुरक्षित स्थान पर पहुंचा दें। पशुपालक भी अपने पशुओं को खुले स्थानों के बजाय सुरक्षित शेड में रखें।
डॉ. एस. एन. सुनील पांडेय ने बताया कि मौसम में लगातार बदलाव हो रहा है। ऐसे में किसान और आमजन भारतीय मौसम विज्ञान विभाग द्वारा जारी नवीनतम मौसम बुलेटिन और स्थानीय प्रशासन की सलाह का पालन करें, ताकि किसी भी प्रकार की जनहानि या नुकसान से बचा जा सके।

