नई दिल्ली। नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (एनसीबी) की गोवा जोनल यूनिट ने मादक पदार्थों की तस्करी के एक मामले में युगांडा की महिला को दोषी ठहराए जाने के बाद 10 साल की कठोर कारावास की सजा दिलाई है। कर्नाटक के धारवाड़ स्थित प्रधान सत्र न्यायालय ने आरोपी एग्नेस नग्गायी को 10 साल की सजा के साथ एक लाख रुपये का जुर्माना भी लगाया है। महिला के पास से बच्चों के खाद्य पदार्थ के डिब्बों में छिपाकर रखा गया 995 ग्राम मेथामफेटामाइन बरामद हुआ था।

सेरेलेक के डिब्बों में छिपाकर रखी थी ड्रग्स
एनसीबी के अनुसार, पुख्ता खुफिया जानकारी के आधार पर एनसीबी बेंगलुरु जोनल यूनिट की टीम ने 6 जनवरी 2022 को हुबली रेलवे स्टेशन पर युगांडा की 30 वर्षीय महिला को पकड़ा था। वह दिल्ली से ट्रेन के जरिए हुबली पहुंची थी।

तलाशी के दौरान उसके पास मौजूद सफेद कपड़े के थैले से ‘नेस्ले सेरेलेक बेबी सीरियल विद मिल्क रागी एप्पल’ के दो कार्टन मिले। जांच करने पर इन डिब्बों के अंदर छिपाकर रखा गया 995 ग्राम मेथामफेटामाइन बरामद हुआ। इसके बाद महिला को गिरफ्तार कर लिया गया।
एक अन्य विदेशी नागरिक भी हुआ था गिरफ्तार
एनसीबी ने बताया कि महिला से मिली जानकारी के आधार पर आगे की कार्रवाई करते हुए युगांडा के ही एक 30 वर्षीय पुरुष को भी गिरफ्तार किया गया था। उस पर भी मादक पदार्थों की तस्करी में शामिल होने का आरोप था।
धारवाड़ की प्रधान सत्र न्यायाधीश की अदालत ने 12 नवंबर को मामले में फैसला सुनाते हुए महिला को दोषी करार दिया। अदालत ने एनडीपीएस अधिनियम की धारा 22(सी) और 29 के तहत उसे 10 साल के कठोर कारावास और एक लाख रुपये के जुर्माने की सजा सुनाई।
अदालत ने समाज के हित को बताया सर्वोपरि
सजा सुनाते हुए अदालत ने टिप्पणी की कि दोषी ने आसानी से पैसा कमाने के लिए अवैध नशीले पदार्थों की बिक्री के जरिए युवा पीढ़ी का भविष्य बर्बाद करने जैसा काम किया। अदालत ने कहा कि समाज का हित किसी एक व्यक्ति के हित से ऊपर होना चाहिए। अदालत ने यह भी ध्यान दिया कि महिला बिना वैध वीजा के भारत में रह रही थी।
एनसीबी के मुताबिक, इस मामले में गिरफ्तार दूसरे पुरुष आरोपी को अदालत ने बरी कर दिया है। हालांकि, उसके भारत में फर्जी वीजा के आधार पर अवैध रूप से रहने की बात सामने आई थी। उसे उसके देश वापस भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है और फिलहाल डिटेंशन सेंटर में रखा गया है, ताकि वह दोबारा भारत में मादक पदार्थों की तस्करी में शामिल न हो सके।
विदेशी नागरिकों पर कार्रवाई पर विशेष जोर
एनसीबी के ‘नारकोटिक्स कंट्रोल विजन डॉक्यूमेंट 2026–2029’ के तहत मादक पदार्थों की तस्करी में शामिल विदेशी नागरिकों की पहचान कर उनके खिलाफ उचित कार्रवाई करने पर विशेष जोर दिया जा रहा है। एजेंसी के अनुसार, यह मामला इसी दिशा में की जा रही कार्रवाई का हिस्सा है।

