मोहर्रम के मद्देनजर भदरी नरेश की नजरबंदी अवधि बढ़ी

मोहर्रम के मद्देनजर भदरी नरेश की नजरबंदी अवधि बढ़ी

प्रतापगढ़। उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ जिले में मोहर्रम के पर्व पर जिला प्रशासन ने कानून व्यवस्था की पुनर्समीक्षा करने के बाद कुन्डा के विधायक रघुराज प्रताप सिंह उर्फ राजा भैया के पिता उदय प्रताप सिंह को घर में नजरबंद रखने की अवधी बढ़ा दी है।
सोमवार को कुन्डा के उपजिलाधिकारी ने भदरी नरेश उदयप्रताप सिंह की नजरबंदी की अवधि 09 अगस्त काे रात 09 बजे तक के लिये बढ़ा दी है। प्रशासन ने उनके 10 करीबी सहयोगियों को भी घर में नजरबंद करने का आदेश दिया है। गौरतलब है कि शेखपुर आशिक में मस्जिदनुमा धार्मिक गेट बनाये जाने के विरोध में आंदोलन कर रहे सिंह को प्रशासन ने कुन्डा स्थित भदरी कोठी में गत सप्ताह शुक्रवार को नजरबंद कर दिया था।
वह शेखपुर आशिक में मस्जिदनुमा धार्मिक गेट बनाये जाने के विरोध में पिछले सप्ताह बुधवार को कुन्डा तहसील परिसर में धरने पर बैठ गये थे। शुक्रवार को जैसे ही वह नित्य क्रिया एवं पूजा पाठ के लिये भदरी कोठी पहुंचे, तभी पुलिस ने उन्हें महल के भीतर ही नजरबंद कर दिया था। कुन्डा के उपजिलाधिकारी सतीश चंद्र त्रिपाठी ने बताया कि मोहर्रम के त्योहार को सकुशल संपन्न कराये जाने के लिये उदय प्रताप सिंह की नजरबंदी की अवधि 09 अगस्त की रात 9 बजे तक बढ़ायी गयी है। साथ ही उनके 10 सहयोगियों को भी घर में नजरबंद करने का नोटिस जारी किया गया है।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *