मोरना (मुजफ्फरनगर)। थाना ककरोली क्षेत्र के खुज़ेडा पेट्रोल पंप के पास दिनदहाड़े बाइक चोरी की सनसनीखेज वारदात सामने आई है। सड़क किनारे बाइक खड़ी कर लघुशंका करने गए युवक की आंखों के सामने ही तीन युवक उसकी बाइक लेकर फरार हो गए। पीड़ित ने शोर मचाते हुए आरोपियों का पीछा भी किया, लेकिन तेज रफ्तार के चलते वे फरार होने में सफल रहे। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस हरकत में आई और पीड़ित की तहरीर पर तीन नामजद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार थाना मंसूरपुर क्षेत्र के गांव जड़ौदा निवासी आदित्य छह जुलाई को अपने गांव निवासी रणकुमार की बाइक लेकर जानसठ में एक शादी समारोह में शामिल होने गया था। बताया गया कि शादी समारोह के दौरान किसी बात को लेकर विवाद हो गया, जिसके बाद आदित्य वहां से निकलकर थाना ककरोली क्षेत्र के गांव टंढेड़ा स्थित अपने मामा के घर जाने के लिए रवाना हो गया।

रास्ते में जब वह खुज़ेडा पेट्रोल पंप के पास पहुंचा तो उसने लघुशंका के लिए सड़क किनारे बाइक खड़ी कर दी। आदित्य के अनुसार वह बाइक से कुछ ही दूरी पर गया था कि तभी वहां तीन युवक पहुंचे और मौका पाकर बाइक स्टार्ट कर फरार होने लगे। पीड़ित ने आरोप लगाया कि तीनों युवकों की पहचान थाना सिखेड़ा क्षेत्र निवासी आरियन उर्फ चांदू, ऋतिक और विशाल के रूप में हुई है।
आदित्य ने बताया कि जैसे ही उसने युवकों को बाइक ले जाते देखा, वह शोर मचाते हुए उनके पीछे दौड़ा, लेकिन आरोपी तेज गति से बाइक लेकर फरार हो गए। देखते ही देखते वे उसकी आंखों से ओझल हो गए और वह उन्हें पकड़ नहीं सका।
दिनदहाड़े हुई इस घटना की सूचना मिलते ही थाना ककरोली पुलिस मौके पर पहुंची और पीड़ित से घटना की जानकारी लेने के बाद आसपास के संभावित मार्गों और ठिकानों पर आरोपियों की तलाश की, लेकिन कोई सफलता नहीं मिल सकी।
इसके बाद पीड़ित आदित्य ने थाने पहुंचकर घटना की तहरीर दी, जिसके आधार पर पुलिस ने आरियन उर्फ चांदू, ऋतिक और विशाल के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है।
थाना प्रभारी ने बताया कि नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है। साथ ही बाइक की बरामदगी के लिए भी पुलिस विभिन्न पहलुओं पर जांच कर रही है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर चोरी की गई बाइक बरामद कर ली जाएगी।

