मोबाइल की जिद ने लेली नाबालिग की जान, बड़े भाई ने बेरहमी से गैती मारकर कर दी हत्या

रायपुर। मोबाइल की लत भी जानलेवा साबित हो रही है। छोटा भाई नया मोबाइल खरीदने के लिए अपनी मां और बड़े भाई से जिद करता था। गरीबी के चलते दोनों उसके लिए नया मोबाइल नहीं खरीद पा रहे थे। इसके बाद भी वह नहीं माना और बड़े भाई से झगड़ा कर लिया। इससे नाराज बड़े भाई ने आधी रात को गैती मारकर उसकी हत्या कर दी। पुलिस ने अपचारी बालक को पकड़कर किशोर न्यायालय में पेश किया। पुलिस के मुताबिक ग्राम निमोरा के नाबालिग (13) अपनी मां और 16 वर्षीय बड़े भाई के साथ रहता था। उसकी मां और बड़े भाई मजदूरी करते थे। पिता ने करीब साल भर पहले खुदकुशी कर ली थी।

पिछले कुछ दिनों से नाबालिग अपनी मां और बड़े भाई से नया मोबाइल खरीदकर देने के लिए जिद कर रहा था। मोबाइल के अलावा खर्च के लिए पैसों की मांग करता था। गरीबी के चलते उसकी मां और बड़ा भाई उसके लिए मोबाइल नहीं खरीद पा रहे थे। इसलिए उन्होंने मना कर दिया। इसके बाद भी वह मोबाइल दिलाने के लिए जिद कर रहा था। कुछ दिन पहले इसी बात को लेकर उसका अपने बड़े भाई से झगड़ा हो गया। उस समय भी बड़े भाई ने उसे समझाया था। फिर भी वह नहीं माना और उसे भला-बुरा कह दिया। इसी बात को उसके बड़े भाई ने अपने मन में रख लिया और उसकी हत्या की साजिश की। दोनों एक ही कमरे में सोते थे। मंगलवार को खाना खाने के बाद दोनों अपने कमरे में सोने चले गए।

साजिश के तहत बड़ा भाई देर रात तक जागता रहा। छोटा भाई गहरी नींद में सो गया लेकिन वह जागता रहा और अपने मोबाइल में गाना सुनता रहा। रात 3 बजे बड़ा भाई उठा। इसके बाद गैती से उसके सिर, पेट व छाती पर लगातार कई वार किए। इससे छोटे भाई की सोते हुए ही मौत हो गई। घटना की जानकारी परिजनों को सुबह हुई। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने अपचारी बालक को पकड़ लिया और किशोर न्यायालय में पेश किया।

अपचारी बालक के पिता ने करीब साल भर पहले गरीबी के चलते खुदकुशी कर ली थी। इसके बाद से मृतक और उसकी छोटी बहन का उसके बड़े भाई अपचारी बालक और उसकी मां मजदूरी करके पालन-पोषण करते थे। इस बीच छोटा भाई अपनी मां से अक्सर पैसों की मांग करता था। इससे अपचारी बालक और उसकी मां परेशान रहते थे।
नया मोबाइल खरीदने के लिए छोटा भाई जिद करता था और पैसों की भी मांग करता था। इसी के चलते उसका अपने बड़े भाई से विवाद चल रहा था। अपचारी बालक ने हत्या करना स्वीकार किया है। उसे किशोर न्यायालय में पेश किया गया है।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *