मोदी आज पहुंचेंगे डेनमार्क, प्रधानमंत्री फ्रेडरिकसन से करेंगे मुलाकात

मोदी आज पहुंचेंगे डेनमार्क, प्रधानमंत्री फ्रेडरिकसन से करेंगे मुलाकात

कोपेनहेगन। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मंगलवार को डेनमार्क की अपनी पहली यात्रा पर राजधानी कोपेनहेगन पहुंचेंगे, जहां वह अनूठी द्विपक्षीय हरित सामरिक साझीदारी को आगे बढ़ाने के लिए प्रधानमंत्री मेटे फ्रेडरिकसन के साथ वार्ता करेंगे।
मोदी और फ्रेडरिकसन के बीच यह बैठक उनके बीच तीसरी शिखर स्तरीय बातचीत होगी। यह चर्चा द्विपक्षीय मुद्दों के साथ-साथ क्षेत्रीय और वैश्विक हित के मुद्दों पर केंद्रित होगी। दोनों प्रधानमंत्रियों को भारत-डेनमार्क व्यापार मंच के तत्वावधान में दोनों देशों के व्यापारिक नेताओं के साथ भी बातचीत करनी है।
मोदी डेनमार्क की महारानी मार्ग्रेथ द्वितीय से भी मुलाकात करेंगे, जो उनके (प्रधानमंत्री के) लिए आधिकारिक रात्रिभोज की मेजबानी भी करेंगी।
बाद में, प्रधानमंत्री एक सामुदायिक कार्यक्रम के दौरान प्रवासी भारतीयों के साथ बातचीत करेंगे। भारत और डेनमार्क के बीच साझीदारी का फोकस हरित रणनीतिक साझीदारी पर केंद्रित होगा, जो नवीकरणीय ऊर्जा, स्थिरता और हरित विकास पर केंद्रित है।
दोनों पक्षों के पास पवन ऊर्जा, जल प्रबंधन, सर्कुलर इकोनॉमी, शिपिंग और स्मार्ट सिटी के क्षेत्र में चल रहे सहयोग के साथ, हरित साझीदारी पर ध्यान केंद्रित करते हुए पांच साल के लिए एक संयुक्त कार्य योजना भी है।
मोदी की यात्रा कौशल विकास, शिपिंग, कृषि प्रौद्योगिकी और गतिशीलता के क्षेत्र में साझीदारी को आगे बढ़ाने का अवसर होगी।
मोदी 2018 में हुए प्रथम भारत-नॉर्डिक शिखर सम्मेलन के बाद से द्विपक्षीय सहयोग का जायजा लेने के लिए चार मई को डेनमार्क, आइसलैंड, फिनलैंड, स्वीडन और नॉर्वे के प्रधानमंत्रियों के साथ दूसरे भारत-नॉर्डिक शिखर सम्मेलन में भाग लेंगे।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *