मैनपुरी। उत्तर प्रदेश में मैनपुरी जिले के बेवर क्षेत्र में ट्रक की टक्कर से रोडवेज बस में सवार एक यात्री की मृत्यु हो गयी जबकि 18 से अधिक घायल हो गये।
पुलिस सूत्रों ने शुक्रवार को बताया कि नवीगंज कस्बा के पास गुरूवार देर रात यह हादसा उस समय हुआ जब कानपुर से दिल्ली जा रही आजाद नगर डिपो की बस ओवरब्रिज पर सामने से आ रहे ट्रक से टकरा गयी। इस हादसे में एक करीब 30 वर्षीय युवक की मौत हो गयी जबकि 18 यात्री घायल हो गये।
घायलों को नजदीक के अस्पताल में भर्ती कराया गया जहां से करीब छह यात्रियों को गंभीर हालत में जिला अस्पताल भेजा गया है। यात्रियों ने बताया कि रोडवेज चालक तेजी व लापरवाही से बस चला रहा था जिसके चलते उसे कई बार रास्ते में टोका भी गया था।


