मुजफ्फरनगर। थाना क्षेत्र के गांव कुटबा में बाइक सवार पति पत्नी व दो बच्चों के ऊपर जर्जर लाइन का तार टूटकर गिर जाने से झुलस गए। करंट की चपेट में आने से गोवंशीय पशु की मौत हो गई। पीड़ितों ने को बघरा अस्पताल में भर्ती कराया गया। घटना से गुस्साए ग्रामीणों ने बिजली घर की तालाबंदी कर घंटो हंगामा किया, बाद में केंद्रीय राज्य मंत्री ने फोन पर ग्रामीणों से वार्ता की जिसके बाद ग्रामीण संतुष्ट हुए।

थाना क्षेत्र के गांव कुटबा निवासी रवि (35) पुत्र कैलाश गांव दुल्हेरा के पास स्तिथ एक भट्टे पर मजदूरी करता है। सोमवार को वह भट्टे से अपनी पत्नी अमिता , पुत्री रिया व पुत्र कार्तिक के साथ बाइक पर सवार होकर गांव वापस लौट रहा था, जब वह गांव में स्टैंड के नजदीक पहुंचा तो सड़क के पास से गुजर रही विद्युत लाइन का तार टूट कर बाइक पर गिर गया, जिससे बाइक में करंट आ गया और चारों बाइक से उछलकर पास ही नाले में गिर गए और विद्युुत तार भी नाले में गिर गया, जिससे नाले में करंट आ गया। इस दौरान नाले में पानी पी रहा एक गौवंश भी करंट की चपेट में आ गया और उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया।

आसपास मौजूद ग्रामीणों ने घटना देखी तो वह तुरंत बिजलीघर पर पहुंचे और विद्युत आपूर्ति बंद कराई। जिसके बाद ग्रामीणों ने चारों को नाले से बाहर निकाला। करंट लगने से चारो झुलस हो गए ग्रामीणों ने तुरंत चारो को बघरा अस्पताल में भर्ती कराया। घटना से गुस्साए ग्रामीण बिजलीघर पर पहुंचे और हंगामा करते हुए तालाबंदी कर विद्युत विभाग के आला अधिकारियों को बुलाने की मांग की।
सूचना पर थानाध्यक्ष राधेश्याम यादव पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया, किंतु ग्रामीण विद्युत विभाग के अधिकारियों को मौके पर बुलाने की मांग पर अड़े रहे। सीओ बुढ़ाना विनय गौतम भी गांव में पहुंचे। बाद में ग्रामीणों ने केंद्रीय राज्यमंत्री डॉ संजीव बालियान को घटना से अवगत कराया। जिसके बाद विद्युत विभाग के एक्सईन व एसडीएम ने ग्रामीणों से फोन पर वार्ता की। उन्होंने ग्रामीणों को आश्वासन दिया कि तीन दिन में गांव व आसपास के सभी जर्जर विद्युत तार बदल दिए जाएंगे। उन्होंने पीड़ितों की हरसंभव मदद का भी आश्वासन दिया। घटना के संबंध में अभी तक कोई तहरीर नही आई है।
