मुलायम सिंह यादव की जयंती पर कवि सम्मेलन और मुशायरे में बही शायरी की महफिल, धर्मेंद्र यादव समेत कई सपा नेता रहे मौजूद

मुलायम सिंह यादव की जयंती पर कवि सम्मेलन और मुशायरे में बही शायरी की महफिल, धर्मेंद्र यादव समेत कई सपा नेता रहे मौजूद

बलिया। समाजवादी पार्टी (सपा) के संस्थापक स्व.मुलायम सिंह यादव की जयंती के उपलक्ष्य में गंगा बहुद्देशीय सभागार में शुक्रवार की रात्रि आयोजित कवि सम्मेलन व मुशायरा में गीतों, गजलों और ठहाकों के बीच सियासी तीर भी चले।

बतौर मुख्य अतिथि आजमगढ़ के सपा सांसद धर्मेंद्र यादव ने नेता जी के चित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर कवि सम्मेलन को औपचारिक शुरुआत की गई। सबसे पहले युवा कवि गजेंद्र प्रियांशु ने सरस्वती वंदना ‘मैं जो भी गुन गुनाऊं मां तुम्हारी वंदना हो… ‘ सुनाकर कवि सम्मेलन को शुरुआत दी।

कानपुर की शायरा शाइस्ता सना ने ‘मेरा महबूब है मजदूर मगर अपनी कुटिया में भी मुझे रानी की तरह रखा है…’ और ‘मेरी दो-दो सहेलियां हैं एक हिंदी है एक उर्दू है…’ व ‘इश्क लिख कर के कलम तोड़ दिया जाता है’ सुना कर खूब वाहवाही बटोरी।

शायर चरण सिंह बशर ने ‘ये जिंदगी के मशायल खुद ही हल हो जाएं हम अपनी अपनी किताबों की बातें मानें तो… सुनाकर माहौल में गंगा जमुनी तहजीब की छाप छोड़ी। इसके अलावा मदन मोहन दानिश, सर्वेश अस्थाना, अशोक चारण, बादशाह प्रेमी ने भी अपनी रचनाओं से श्रोताओं को जमकर गुदगुदाया। अतिथियों का स्वागत जिला पंचायत अध्यक्ष आनंद चौधरी ने अंगवस्त्र देकर किया। इस मौके पर सांसद राजीव राय, सांसद रमाशंकर राजभर, विधायक संग्राम यादव, जयप्रकाश अंचल, तारकेश्वर मिश्र, अमित यादव आदि थे। पूर्व मंत्री अंबिका चौधरी द्वारा आयोजित कवि सम्मेलन का संचालन मशहूर कवियत्री डा. सरिता शर्मा ने किया। अध्यक्षता अकील नोमानी ने किया।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *