मुजफ्फरनगर। जनपद में जागाहेड़ी टोल प्लाजा के पास सुबह हुए भीषण सड़क हादसे में छह लोगों की जिंदा जलकर मौत होने की घटना से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है। हादसे में कार बिजली के खंभे से टकराने के बाद आग की चपेट में आ गई थी, जिसमें छह लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। इस हृदयविदारक घटना पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. सुनील तेवतिया ने गहरा दुख व्यक्त करते हुए शोक संतप्त परिवारों के प्रति संवेदना प्रकट की है। उन्होंने दिवंगत आत्माओं की शांति और परिजनों को इस असहनीय दुख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की।

हादसे की सूचना मिलते ही सीएमओ डॉ. सुनील तेवतिया पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे। वहां उन्होंने संबंधित चिकित्सकों और अधिकारियों से घटना के संबंध में जानकारी ली। साथ ही सभी छह मृतकों का पोस्टमार्टम जल्द से जल्द और प्राथमिकता के आधार पर संपन्न कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पोस्टमार्टम की प्रक्रिया में अनावश्यक देरी नहीं होनी चाहिए, ताकि दुख की इस घड़ी में मृतकों के परिजनों को किसी प्रकार की अतिरिक्त परेशानी का सामना न करना पड़े।

पोस्टमार्टम हाउस के निरीक्षण के बाद सीएमओ जिला चिकित्सालय पहुंचे। यहां उन्होंने अस्पताल के बर्न वार्ड का निरीक्षण कर उपलब्ध चिकित्सा सुविधाओं, संसाधनों और उपचार संबंधी व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने चिकित्सकों से बर्न वार्ड में मरीजों के उपचार के लिए उपलब्ध सुविधाओं और आवश्यक तैयारियों के बारे में जानकारी प्राप्त की।
इसके बाद सीएमओ ने अस्पताल की इमरजेंसी सेवाओं का भी निरीक्षण किया। उन्होंने चिकित्सकों और स्वास्थ्यकर्मियों से मरीजों को उपलब्ध कराए जा रहे उपचार के संबंध में जानकारी लेते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। सीएमओ ने स्पष्ट किया कि इमरजेंसी में पहुंचने वाले प्रत्येक मरीज को तत्काल प्राथमिकता के आधार पर बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जाए।
उन्होंने बर्न वार्ड सहित अस्पताल की सभी आवश्यक चिकित्सा व्यवस्थाओं को दुरुस्त रखने के निर्देश दिए। साथ ही कहा कि गंभीर रूप से घायल और जले हुए मरीजों के उपचार में किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए। चिकित्सकों एवं स्वास्थ्यकर्मियों को पूरी संवेदनशीलता, जिम्मेदारी और तत्परता के साथ मरीजों की देखभाल सुनिश्चित करने को कहा गया।
सीएमओ डॉ. सुनील तेवतिया ने अस्पताल प्रशासन को निर्देशित किया कि आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने के लिए सभी जरूरी चिकित्सा सुविधाएं तैयार रखी जाएं, ताकि किसी भी मरीज को समय पर उपचार मिल सके।

