मुजफ्फरनगर। शासन के निर्देशों के क्रम में तहसील सदर के सभागार में अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) गम्भीर सिंह की अध्यक्षता में संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। इसमें विभिन्न विभागों से संबंधित समस्याओं और शिकायतों को लेकर पहुंचे फरियादियों की बात सुनी गई। एडीएम ने शिकायतकर्ताओं की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित विभागों के अधिकारियों को त्वरित, पारदर्शी और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि जनशिकायतों के निस्तारण में किसी भी तरह की लापरवाही या अनावश्यक देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

मौके पर पहुंचकर निष्पक्ष जांच करें अधिकारी

अपर जिलाधिकारी गम्भीर सिंह ने विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्राप्त शिकायतों का निस्तारण शासन की मंशा के अनुरूप निर्धारित समयसीमा में किया जाए। उन्होंने कहा कि शिकायतों का निस्तारण केवल कागजी औपचारिकता तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि शिकायतकर्ता की समस्या का वास्तविक समाधान होना चाहिए।
उन्होंने विशेष रूप से उन मामलों में स्थलीय जांच करने पर जोर दिया, जिनमें मौके पर जाकर स्थिति का जायजा लेना आवश्यक है। ऐसे मामलों में संबंधित अधिकारी स्वयं घटनास्थल या संबंधित स्थान पर पहुंचकर निष्पक्ष जांच करें और निर्धारित समयसीमा के भीतर अपनी आख्या प्रस्तुत करें। एडीएम ने कहा कि शिकायतों की जांच में पारदर्शिता और निष्पक्षता बनाए रखना अधिकारियों की जिम्मेदारी है।
योजनाओं का लाभ नहीं मिलने पर आवेदक को बताना होगा कारण
एडीएम ने पेंशन और अन्य सरकारी योजनाओं से संबंधित शिकायतों के निस्तारण को लेकर भी अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि यदि किसी आवेदक को किसी अपरिहार्य कारण से सरकारी योजना का लाभ दिया जाना संभव नहीं है, तो संबंधित अधिकारी केवल आख्या लगाकर शिकायत को बंद न करें।
ऐसी स्थिति में आवेदक को स्पष्ट रूप से बताया जाए कि उसे योजना का लाभ किस कारण से नहीं मिल सकता। आवेदक को जानकारी देने के बाद ही संबंधित आख्या पोर्टल पर अपलोड की जाए। साथ ही, आख्या में यह विवरण भी स्पष्ट रूप से दर्ज किया जाए कि आवेदक को संबंधित कारण से अवगत करा दिया गया है।
उन्होंने कहा कि जनशिकायतों के निस्तारण में संवेदनशीलता और जवाबदेही जरूरी है। अधिकारियों को यह सुनिश्चित करना होगा कि फरियादियों को बार-बार कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें और उनकी समस्याओं का समय पर समाधान हो।
जनगणना-2027 की स्वगणना के लिए किया जागरूक
समाधान दिवस के दौरान एडीएम गम्भीर सिंह ने उपस्थित अधिकारियों, कर्मचारियों और फरियादियों से राष्ट्रीय जनगणना-2027 के दूसरे चरण में चल रही ऑनलाइन स्वगणना में भाग लेने की अपील की। उन्होंने लोगों से स्वयं ऑनलाइन माध्यम से अपनी स्वगणना करने और अपने परिचितों तथा साथियों को भी इसके लिए प्रेरित करने का आह्वान किया।
जनगणना-2027 के प्रति जागरूकता बढ़ाने और अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने के उद्देश्य से तहसील परिसर में विशेष अभियान चलाया गया। इसके तहत समाधान दिवस में मौजूद अधिकारियों, कर्मचारियों और अपनी शिकायतें लेकर पहुंचे फरियादियों की मौके पर ही ऑनलाइन स्वगणना कराई गई।
इस अवसर पर तहसीलदार सदर सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।

