मुजफ्फरनगर-शामली के छात्र-छात्राओं के लिए बडी खबर, अब इस तारीख से होंगी मां शाकंभरी विश्वविद्यालय की परीक्षाएं

सहारनपुर। मां शाकंभरी विश्वविद्यालय से संबद्ध महाविद्यालयों की बीएड प्रथम वर्ष, स्नातक (संस्थागत) और स्नातकोत्तर (व्यक्तिगत) पाठ्यक्रमों की परीक्षाएं अब 20 जून से होंगी। अन्य परीक्षाओं के कारण विद्यार्थियों को होने वाली परेशानी को देखते हुए विश्वविद्यालय प्रशासन ने परीक्षा कार्यक्रम में संशोधन किया है, साथ ही कुछ परीक्षा केंद्रों में भी आंशिक संशोधन किया गया है।

विश्वविद्यालय के कुलसचिव वीरेंद्र कुमार मौर्य ने 28 मई को परीक्षा कार्यक्रम घोषित किया था, जिसमें बीएड प्रथम वर्ष, स्नातक (संस्थागत) और स्नातकोत्तर (व्यक्तिगत) पाठ्यक्रमों की परीक्षाएं दस जून से शुरू होने की बात कही गई थी, साथ ही केंद्रों की सूची भी जारी कर दी गई थी।

परीक्षाओं के लिए तीनों जनपदों में 18 केंद्र बनाए गए थे। कुलसचिव ने बताया कि 13 से 17 जून तक अन्य परीक्षाओं की वजह से संबंधित विद्यार्थियों को समस्या आ रही थी, जिन्होंने परीक्षाओं को आगे बढ़ाने की मांग विश्वविद्यालय प्रशासन से की थी। विद्यार्थियों की समस्या को देखते हुए विश्वविद्यालय ने परीक्षाओं को 10 जून की जगह 20 जून से शुरू कराने का निर्णय लिया है। परीक्षाएं 20 जून से शुरू होकर 18 जुलाई तक चलेंगी।

उन्होंने बताया कि परीक्षा का संशोधित कार्यक्रम विश्वविद्यालय की वेबसाइट www.msuniversity.in पर अपलोड कर दिया गया है। साथ ही सभी महाविद्यालयों को पत्र जारी कर संशोधित परीक्षा कार्यक्रम की जानकारी दे दी गई है। परीक्षा केंद्र एवं संबद्ध महाविद्यालयों के विद्यार्थियों से अपने स्तर से व्यापक रूप से संपर्क करते हुए परीक्षा से अवगत कराने को भी महाविद्यालयों से कहा गया है।

परीक्षा वायस रिकॉर्डर और सीसीटीवी की निगरानी में होगी। सभी केंद्रों से प्रत्येक कक्ष में वायस रिकॉर्डर और सीसीटीवी दुरुस्त कर लेने के निर्देश दिए गए हैं। इसके अलावा परीक्षा में कोरोना से बचाव के दिशा निर्देशों का पालन भी कराया जाएगा।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *