मुजफ्फरनगर में सनसनीखेज हत्याकांड का खुलासा, गोली मारकर हत्या के बाद शव के टुकड़े किए,मुठभेड़ में आरोपी गिरफ्तार

मुजफ्फरनगर में सनसनीखेज हत्याकांड का खुलासा, गोली मारकर हत्या के बाद शव के टुकड़े किए,मुठभेड़ में आरोपी गिरफ्तार

मुजफ्फरनगर। जनपद के भोपा थाना क्षेत्र के कादीपुर गांव के जंगल में पुलिस और एक वांछित आरोपी के बीच हुई मुठभेड़ के बाद एक सनसनीखेज हत्याकांड का खुलासा हुआ है। मुठभेड़ में घायल हुए आरोपी मोंटी त्यागी निवासी मलपुरा, थाना भोपा से पूछताछ के दौरान सिखेड़ा थाना क्षेत्र के बेहड़ा अस्सा निवासी विकसित उर्फ रॉकी की हत्या से जुड़ी चौंकाने वाली जानकारी सामने आई है।

पुलिस के अनुसार, मुठभेड़ के बाद घायल हालत में पकड़े गए आरोपी मोंटी त्यागी ने पूछताछ में स्वीकार किया कि रॉकी की हत्या एक सुनियोजित साजिश के तहत की गई थी। आरोपी ने बताया कि वारदात को बागपत जनपद के बड़ौत क्षेत्र में अंजाम दिया गया, जहां रॉकी को उसकी पत्नी रेणु के आवास पर गोली मारकर मौत के घाट उतार दिया गया।

इसके बाद आरोपियों ने शव को एक वाहन में डालकर मुजफ्फरनगर के कादीपुर गांव के जंगल में ले जाकर ले गए। यहां अपराध को छिपाने की नीयत से शव के टुकड़े किए गए और उसे ठिकाने लगाने की कोशिश की गई। आरोपी के अनुसार शव के धड़ को खेत में गड्ढा खोदकर नमक डालकर दफना दिया गया, जबकि सिर को दूर ले जाकर नहर में फेंक दिया गया।

पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर जेसीबी मशीन की मदद से खेत की खुदाई कर शव का धड़ बरामद कर लिया है, जो नग्न अवस्था में मिला। वहीं, शव के सिर की तलाश में पुलिस की कई टीमें लगातार सर्च ऑपरेशन चला रही हैं।

पूछताछ में आरोपी मोंटी त्यागी ने यह भी दावा किया कि रॉकी को गोली बादल नामक व्यक्ति ने मारी थी। उसके बाद बादल और मोंटी ने मिलकर शव को बड़ौत से मुजफ्फरनगर लाकर ठिकाने लगाया। आरोपियों ने घटना के बाद कमरे में फिनाइल डालकर साफ-सफाई की, ताकि किसी प्रकार का सबूत न बच सके।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, इस मामले में रॉकी की पत्नी रेणु, उसका बेटा बादल, बादल की पत्नी निशा, तथा शव को ठिकाने लगाने में मदद करने वाले अन्य आरोपी अभी फरार हैं। उनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कई टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।

उधर, शव का धड़ बरामद होने की सूचना मिलते ही मृतक के परिजन, ग्रामीण और रिश्तेदार बड़ी संख्या में मौके पर पहुंच गए और आक्रोश जताते हुए जमकर हंगामा किया। लोगों ने आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। स्थिति को देखते हुए पुलिस अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर लोगों को समझाया और हालात को नियंत्रित किया।

फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और फरार आरोपियों की तलाश तेज कर दी गई है।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *