मुजफ्फरनगर में विवाहिता प्रतिभा की मौत मामले में बड़ा एक्शन, पति और देवर गिरफ्तार; दहेज उत्पीड़न का आरोप

मुजफ्फरनगर में विवाहिता प्रतिभा की मौत मामले में बड़ा एक्शन, पति और देवर गिरफ्तार; दहेज उत्पीड़न का आरोप

मुजफ्फरनगर। थाना नई मंडी क्षेत्र में विवाहिता प्रतिभा की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत के मामले में पुलिस ने लंबे समय से फरार चल रहे उसके पति और देवर को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने दोनों आरोपियों को जानसठ रोड स्थित बीबीपुर भट्टे के पास से पकड़ा। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सुनील राणा और कपिल राणा पुत्रगण जसवीर राणा निवासी गोकुल सिटी, थाना नई मंडी, मुजफ्फरनगर के रूप में हुई है। पुलिस दोनों को न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई में जुटी है।

पुलिस के अनुसार, वांछित आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना नई मंडी पुलिस लगातार उनकी तलाश कर रही थी। इसी दौरान पुलिस टीम को मुखबिर से दोनों आरोपियों के जानसठ रोड स्थित बीबीपुर भट्टे के पास मौजूद होने की सूचना मिली। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और दोनों को गिरफ्तार कर लिया।

पति और देवर पर दर्ज है मुकदमा

पुलिस के अनुसार, मामला विवाहिता प्रतिभा की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत से जुड़ा है। प्रतिभा की शादी वर्ष 2020 में सुनील राणा के साथ हुई थी। घटना के दिन घर में प्रतिभा के फांसी लगाने की बात सामने आई थी। बताया गया कि घटना के समय उसका पति सुनील घर पर मौजूद नहीं था। शाम करीब साढ़े चार बजे पुलिस को घटना की सूचना दी गई।

सूचना मिलते ही थाना नई मंडी पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया था। घटना के बाद मृतका के मायके पक्ष ने ससुराल पक्ष पर गंभीर आरोप लगाए।

पांच लाख रुपये दहेज मांगने का आरोप

मृतका के भाई राहुल पुत्र देशपाल निवासी करौंदा, थाना फुगाना ने पुलिस को तहरीर देकर आरोप लगाया कि उसकी बहन को ससुराल में दहेज के लिए लगातार प्रताड़ित किया जा रहा था। तहरीर में पांच लाख रुपये की मांग किए जाने का आरोप लगाया गया। आरोप है कि मांग पूरी नहीं होने पर प्रतिभा का उत्पीड़न किया जाता था।

पुलिस ने तहरीर के आधार पर थाना नई मंडी में मुकदमा संख्या 457/2026 दर्ज किया। मामले में भारतीय न्याय संहिता की धारा 85 और 80(2) तथा दहेज प्रतिषेध अधिनियम की धारा 3 और 4 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।

शादी के बाद नहीं हुआ था बच्चा

परिजनों के अनुसार, वर्ष 2020 में शादी होने के बाद प्रतिभा और सुनील की कोई संतान नहीं थी। पुलिस के अनुसार सुनील राणा मूल रूप से निरपुड़ा, बागपत क्षेत्र का रहने वाला बताया गया है और वह प्लॉट की खरीद-बिक्री का काम करता था। वहीं गिरफ्तार किया गया दूसरा आरोपी कपिल राणा मृतका का देवर है और प्रॉपर्टी ब्रोकर का काम करता है।

एलएलबी की छात्रा थी प्रतिभा

परिजनों ने बताया कि प्रतिभा पढ़ाई में अच्छी थी और एलएलबी की छात्रा थी। उसकी संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है। पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।

पुलिस अब पोस्टमार्टम रिपोर्ट, घटनास्थल से मिले साक्ष्यों और परिजनों के बयानों के आधार पर मामले की विवेचना आगे बढ़ा रही है। मामले की जांच क्षेत्राधिकारी नई मंडी द्वारा की जा रही है।

पुलिस के अनुसार, सुनील राणा और कपिल राणा की गिरफ्तारी करने वाली टीम में उपनिरीक्षक दिनेश कौशिक, कांस्टेबल हीरा सिंह और कांस्टेबल अभिषेक शामिल रहे। पुलिस का कहना है कि मामले से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *